मथुरा: लुटेरों को पकड़ने के चक्कर में चलती ट्रेन से गिरीं मां-बेटी, दोनों की मौत
Recommended Video

मथुरा। यूपी के मथुरा में शनिवार तड़के करीब 3:40 पर वृंदावन के पास निजामुद्दीन त्रिवेंद्रम एक्सप्रेस (22634) के एस-2 कोच में सफर कर रहे पश्चिम बंगाल के एक परिवार पर कुछ बदमाशों ने हमला बोल दिया। इस दौरान हमले का विरोध करते हुए मां और बेटी बोगी से गिर पड़ी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं मां-बेटी
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की रहने वाली 45 वर्षीय मीना अपनी बेटी मनीषा और बेटे आकाश के साथ निजामुद्दीन से कोटा जाने वाली त्रिवेन्द्रम एक्सप्रेस के एस-2 कोच में बर्थ संख्या 1,2 व 4 में सवार हुई थीं। वह मेडिकल की तैयारी के लिए बेटी मनीषा का कोटा में दाखिला कराने जा रही थीं। जब ट्रेन वृंदावन स्टेशन के पास पहुंची, तभी कुछ बदमाश उनका नकदी और जेवरातों से भरा बैग लेकर भागने लगे। मनीषा और मीना दोनों ने बदमाशों का पीछा किया। इसी बीच दोनों चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दिल्ली से बोगी में चढ़े थे बदमाश
घटना को लेकर मृतका के बेटे आकाश ने बताया कि हम लोग दिल्ली से निकले और वहीं से कुछ लोग हमारे पीछे चल दिए। उन्हीं लोगों ने चलती ट्रेन में घटना को अंजाम दिया। वह हमारे सामान को लेकर भाग रहे थे, मां और बहन ने उनका पीछा किया तो वे नीचे गिर गईं और उनकी मौत हो गई।

क्या कहती है पुलिस
इस मामले में जीआरपी का कहना है कि चेन पुलिंग कर लूटपाट की गई है। महिलाओं ने विरोध किया तो लुटेरे भागने लगे। पीछा करते हुए महिलाएं ट्रेन से नीचे गिर गईं और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications