दुनिया का आध्यात्मिक गुरु भारत है, इस ऊंचाई तक कोई देश नहीं पहुंच सकता: यूपी के कैबिनेट मंत्री
मथुरा, 6 नवंबर। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी समेत अन्य केंद्रीय व प्रदेश के मंत्रियों ने मथुरा के छह मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की। मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि दुनिया में भले ही अन्य देश आर्थिक पायदान पर ऊंचाई पर हैं लेकिन भारत ने जिस आध्यात्मिक ऊंचाई को छुआ है, वहां तक कोई नहीं देश नहीं पहुंच सकता है। यह बात उन्होंने नंदगांव स्थित आशेश्वर महादेव मंदिर में पूजा के बाद कही। वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि भारत की पहचान अब दुनिया के आध्यात्मिक गुरु के तौर पर है।

मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि किसी भी देश के पास अब तक वेद, पुराण और उपनिषद जैसे ग्रंथ नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मंत्री ने कहा कि दुनिया का आध्यात्मिक गुरु अब भारत है। केंद्रीय मंत्री एस पी सिंह बघेल ने मथुरा के गर्तेश्वर मंदिर और बीएल वर्मा ने वृंदावन के गोपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने रंगेश्वर मंदिर में अभिषेक किया। जिला पंचायत प्रेसिडेंट किशन सिंह ने भूतेश्वर महादेव मंदिर और भाजपा विधायक पूरन प्रकाश ने चिंताहरण महादेव मंदिर में अभिषेक किया।
तीस साल बाद वृंदावन में खुला सिनेमा हॉल
वृंदावन में करीब तीन दशक बाद सिनेमा हॉल खुला है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने इसका उद्घाटन किया। यह मल्टीप्लेक्स 80 सीटों का है और इसमें पहली फिल्म सूर्यवंशी चल रही है। मल्टीप्लेक्स के उद्घाटन के बाद मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि कोरोना महामारी के काल से गुजरने के बाद समाज में नकारात्मक माहौल बना है। आम जनता को तनाव से उबारने के लिए स्वस्थ मनोरंजन समय की जरूरत है। वृंदावन में तीस साल पहले एक सिनेमा हॉल था लेकिन वह बंद हो गया था। वृंदावन के लोग सिनेमा देखने के लिए मथुरा या आगरा जाते थे लेकिन यह मल्टीप्लेक्स खुलने से अब लोग शहर में ही सिनेमा देख सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications