बेटी पैदा होना बना श्राप! मारपीट, कई दिन रखा भूखा, घर से निकाला, रुला देगी इस माँ की दर्द भरी दास्तां
देश का मुखिया हर मंच से बेटियों को आगे बढ़ाने की बात करे, बेटियों को सेना में बावर्दी कमान संभालते हुए तस्वीरें साझा करे लेकिन समाज का एक बड़ा हिस्सा आज भी ऐसा है कि उसे इन सबसे कुछ फर्क नहीं पड़ता। उसके घर में बेटी पैदा होने पर मातम छा जाता है। इन्हे लक्ष्मी चाहिए लेकिन बेटी पैदा होने पर ग्रह लक्ष्मी पर जुल्म ढाए जाते हैं। लिहाजा तमाम महिलाऐं दर-दर भटकने को मजबूर हो जाती हैं। ऐसी ही एक घटना यूपी से सामने आई है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक विवाहिता के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गई। पुत्री पैदा होने के बाद से पति अपनी ही पत्नी के लिए हैवान बन बैठा। बीते तीन सालों में पीड़िता को बेटी पैदा होने पर शारीरिक प्रताड़ना देने से लेकर मानसिक तौर पर टार्चर भी किया गया। वहीं हाल ही में जब उसके साथ पति ने मारपीट की और घर से निकाला, तब पीड़िता एसपी के पास पहुंची हैं।

बेटी पैदा होना विवाहिता के लिया बना श्राप
बात दें कि पीड़ित विवाहिता महिला 'रीमा' की शादी वर्ष 2018 में पनवाड़ी थाना क्षेत्र के नकरा में मनोज कुमार के साथ की हुई थी। पीड़िता अनुसार शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन फिर उसने एक पुत्री को जन्म दिया। पीड़िता का आरोप है कि पुत्री के जन्म के बाद से ही उसके पति और ससुरालियों का व्यवहार बदल गया। पीड़िता की माने तो पुत्री पैदा होने के बाद से लगातार उसे बेवजह प्रताड़ित किया जाने लगा। सास, ससुर और अन्य ससुराली पुत्र न पैदा होने का ताना मारने लगे।

शराब के नशे में आए दिन मारपीट
वहीं पति आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करने लगा। पीड़िता का कहना है कि पुत्री पैदा क्या हुई, उसका पति ही उसका दुश्मन बन बैठा है। पीड़िता का आरोप है कि बीते दिनों उसके पति ने शराब के नशे में उसे बेरहमी से मारा पीटा और पुत्र न पैदा होने को लेकर अपमानित किया। यही नहीं वह जबरन अपनी ही पत्नी को गलत काम के लिए विवश कर रहा है।
गलत काम के लिए किया विवश
पीड़िता ने बताया कि इसका विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। साथ ही ससुराल में पीड़िता तीन दिनों तक भूखी प्यासी रही, लेकिन किसी को भी उस पर तरस नहीं आया। उल्टा उसे मारपीट के बाद घर से बाहर निकल दिया है। पीड़िता का कहना है कि उसकी पुत्री अब 3 साल की है और वह उसकी परवरिश को लेकर चिंतित है।

घर से धक्के देकर निकाला
उधर रीमा ने बताया कि पति और ससुरालियों की इस हैवानियत की लिखित शिकायत पनवाड़ी थाने में की मगर पुलिस ने घर का मामला कहकर कोई कार्रवाई नहीं की है। जिसके बाद पीड़िता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची है और एसपी को लिखित शिकायत दी है। पीड़िता का कहना है कि उसने इतने जुल्मों के बाद भी एक बार ससुराल में वापस जाने का प्रयास किया था, लेकिन पुत्र पैदा होने के बाद ही ससुराल आने की बात कहकर उसे घर से निकाल दिया गया।
न्याय चाहती है पीड़िता
पीड़िता बताती है कि वह अपनी ससुराल में रहना चाहती है, लेकिन पति उसे साथ नहीं रखना चाह रहा। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से उक्त मामले में अब आरोपी पति और ससुरालियों पर कार्यवाही की मांग की है। साथ ही अपनी जानमाल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।












Click it and Unblock the Notifications