Salman Khan Case: 'अनमोल बिश्नोई ने शूटरों को उकसाया', मुंबई की कोर्ट ने कहा; जानिए कौन है लॉरेंस का भाई?
Salman Khan House Firing Case: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' के बाहर फायरिंग करने के आरोपी की जमानत याचिका को मुंबई की एक कोर्ट ने खारिज कर दिया है। अदालत ने कहा कि सलमान खान के मुंबई के बांद्रा स्थित घर के बाहर फायरिंग करने वाले शूटरों ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के उकसावे पर उन्हें मारने के "इरादे या ज्ञान" से काम किया है।
14 अप्रैल को सुबह 5 बजे 2 बाइक सवारों ने सलमान खान के घर के बाहर 4 राउंड फायरिंग की थी। इस मामले में फायरिंग करने के आरोपी विक्की गुप्ता की जमानत याचिका मकोका कोर्ट ने खारिज कर दी है। विशेष मकोका न्यायाधीश बीडी शेलके ने 18 अक्टूबर को शूटर विक्की गुप्ता की जमानत याचिका खारिज की, जिसका विस्तृत आदेश सोमवार (21 अक्टूबर) को जारी किया गया।

आदेश के अनुसार विक्की गुप्ता और उसके सहयोगी सागर पाल ने 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के बांद्रा पश्चिम स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के पास गोलीबारी की। न्यायाधीश शेलके ने इस बात पर जोर दिया कि एफआईआर में स्पष्ट रूप से दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाया गया है, जिसमें पीछे बैठे व्यक्ति ने अभिनेता के घर की पहली मंजिल पर फायरिंग की।
अदालत ने कहा, "पीड़ित (सलमान खान) के बयान से पता चलता है कि वह एक सेलिब्रिटी होने के नाते, समाज में उनके कई फैंस हैं और वह उनका अभिवादन करने के लिए अपने घर की पहली मंजिल पर गैलरी में आते थे। यहां तक कि सुबह-सुबह वह अपने घर की पहली मंजिल पर गैलरी में ही रहते थे।"
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई का हाथ
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सलमान खान के बयान और एफआईआर की सामग्री से संकेत मिलता है कि 'गोली उनके घर में उनके यूज करने के स्थान की दिशा में चलाई गई थी।' ऑर्डर में कहा गया है कि विक्की गुप्ता और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई, वांछित आरोपी अनमोल बिश्नोई के बीच कॉल रिकॉर्डिंग की कॉपी अभियोजन पक्ष की ओर से रिकॉर्ड पर रखी गई है।
अदालत ने कहा, "इससे पता चलता है कि वांछित आरोपी अनमोल बिश्नोई के उकसावे और निर्देश पर आरोपी नंबर 1 (विक्की गुप्ता) और 2 (सागर पाल) ने ये कृत्य किए हैं।" ऐसे में जानिए कौन है अनमोल बिश्नोई?
- अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है, जो कि लॉरेंस की तरह गैंग से जुड़े कई आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है।
- अनमोल बिश्नोई का नाम सलमान खान को निशाना बनाने की योजना के संबंध में सामने आया था। अनमोल बिश्नोई कथित तौर पर सलमान खान के खिलाफ हमलों या धमकियों की साजिश रचने में शामिल था।
- माना जाता है कि अनमोल बिश्नोई अपने भाई के साथ मिलकर काम कर रहा है और कथित तौर पर गिरोह के आपराधिक संचालन के कुछ हिस्सों के मैनजमेंट में शामिल है।
- अनमोल पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी आरोपी था। साल 2023 में एजेंसी ने उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। वो फर्जी पासपोर्ट पर भारत से भाग चुका है।
- एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक उस पर 18 आपराधिक केस दर्ज हैं और वो जोधपुर जेल में सजा भी काट चुका है, जो कि अक्टूबर 2021 को बेल पर रिहा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications