ईद ए मिलाद के जुलूस में इस्लामिक झंडा लेकर नाचने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई, SP ने किया सस्पेंड
Maharashtra policeman suspend महाराष्ट्र के वाशिम जिले में इस्लामिक झंडा लेकर नाचने वाले एक पुलिसकर्मी को जिले के एसपी ने सस्पेंड कर दिया है। पुलिसकर्मी पर यह कार्रवाई तब हुई जब पुलिसकर्मी का डांस करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

ईद ए मिलाद का निकला था जुलूस
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार की है। जिले के कामरगांव से ईद-ए-मिलाद का जुलूस निकला था। इस जुलूस में मुस्लिम समुदाय के लोग डीजे पर धार्मिक संगीत बजाते हुए जा रहे थे। इसी जुलूस में पुलिसकर्मी आकाश खंडारे भी शामिल हो गए। आकाश पहले तो नाचने लगे और फिर बाद में उन्होंने हाथ में इस्लामिक झंडा लिए डांस शुरू कर दिया। किसी ने पुलिसकर्मी का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
एसपी ने दिखाई सख्ती
वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला एसपी बच्चन सिंह तक पहुंचा। उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए आकाश खंडारे को सस्पेंड कर दिया। पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले की जानकारी देते हुए बताया गया है कि जिस वक्त जुलूस निकल रहा था उस वक्त आकाश खंडारे की ड्यूटी कामरगांव में ही लगी थी। एसपी ने बताया है कि मामला संज्ञान में आने के बाद तुरंत बाद आकाश को सस्पेंड कर दिया गया, क्योंकि ड्यूटी पर रहते हुए इस तरह की हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications