ट्रेन में 'योग' करने पर भड़के AIMIM नेता वारिस पठान, बोले- नमाज पढ़ने पर क्यों उठाए जाते हैं सवाल?
भारत समेत दुनिया के कई देशों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका जाकर योग का नेतृत्व किया। गुजरात और महाराष्ट्र में लाखों लोगों ने योग कर देश के लिए संदेश दिया। लेकिन इस योग दिवस पर जमकर सियासत भी हुई। एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने एक वीडियो शेयर कर तंज कसा। वारिस ने मुंबई लोकल ट्रेन में यात्रा कर रहे कुछ लोगों के योग करने वाले वीडियो को शेयर कर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि ट्रेन में योग की इजाजत है लेकिन नमाज की नहीं।
समाचार एजेंसी एएनआई ने गुरुवार 21 जून को एक वीडियो शेयर किया था जिसमें देखा गया था कि मुंबई लोकल में यात्रा करने वाले यात्रियों ने योग दिवस के मौके पर योग किया। इसके बाद इसी वीडियो को रिट्वीट करते हुए वारिस पठान ने लिखा था कि आखिर ट्रेन में योग की इजाजत है लेकिन नमाज की नहीं। हालांकि, वारिस पठान के इस ट्वीट पर लोगों ने उन्हें जवाब भी दिया।

वंदे भारत एक्सप्रेस में भी लोगों ने किया योगा
एएनआई के मुताबिक, योग गुरु कृष्णकांत मिश्रा ने कहा कि मैं वंदे भारत के यात्रियों के साथ बैठकर कुछ योगासन करके अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का संदेश देना चाहता हूं। योग दिवस की पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में शुरू की थी और पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2015 में मनाया गया था। तब से यह हर साल मनाया जाता है।
योग गुरु ने सभी से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का भी आग्रह किया और योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। हर साल 21 जून को दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। यह योग के असंख्य लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण के लिए समग्र दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है।
पीएम मोदी के योग दिवस कार्यक्रम ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
दरअसल, UN हेडक्वार्टर में पीएम मोदी के कार्यक्रम में 135 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारी माइकल एम्परिक ने बताया कि ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले कभी एक साथ इतने देशों के लोगों ने योग नहीं किया था।












Click it and Unblock the Notifications