नारायण राणे ने महाराष्ट्र सरकार को बताया 'हिंदू विरोधी', कहा- हिंदुओं के त्योहार पर ही सख्ती याद आती है
मुंबई, सितंबर 10। हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में रहे केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने एकबार फिर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। नारायण राणे ने कहा है कि महाराष्ट्र सरकार ने जानबूझकर फेस्टिव सीजन के समय ही प्रतिबंधों को कड़ा करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि ये सरकार हिंदू विरोधी हो चुकी है और जानबूझकर हिंदुओं के त्योहार के समय ही पाबंदियों के बारे में सोचती है। नारायण राणे ने कहा कि हिंदुत्व की बात करने वाली शिवसेना अब बदल चुकी है, जिस दिन बीजेपी ने उनसे नाता तोड़ा था, तभी से शिवसेना के अंदर का हिंदुत्व खत्म हो गया है।

मुंबई में बप्पा के दर्शन होंगे ऑनलाइन
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में गणेश चतुर्शी के आते ही राज्य सरकार ने कोविड प्रोटोकॉल को सख्त कर दिया है। सरकार ने बप्पा के दर्शन के लिए लोगों को सिर्फ ऑनलाइन दर्शन का ही विकल्प दिया है। साथ ही सरकार ने गणेश महोत्सव के दौरान जुलूस या फिर यात्रा निकालने पर पूर्ण पाबंदी लगाई है और कहा है कि भक्तों को सिर्फ पंडाल से ऑनलाइन दर्शन की ही अनुमति होगी।
अगले 2 महीने लागू रहेंगे कड़े प्रतिबंध
महाराष्ट्र सरकार ने गणेश चतुर्थी समेत अगले 2 महीने में आने वाले सभी त्योहारों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने कोरोना संक्रमण का हवाला देते हुए कहा है कि हमें कोरोना की तीसरी लहर को लाने से बचना है, इसलिए त्योहारी सीजन में बहुत सावधानी बरतने की जरूरत है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि यदि ऑक्सीजन की दैनिक मांग 700 टन से अधिक हो जाती है, तो सरकार लॉकडाउन जैसे उपायों पर विचार कर सकती है।
आपको बता दें कि आज से देशभर में गणेश महोत्सव की शुरुआत हो गई है, जो 19 सितंबर तक चलेगा। गणेश महोत्सव के बाद नवरात्रि, दशहरा, दिवाली, ईद और भैया दूज जैसे त्योहार आने हैं। वहीं इन त्योहारों के बीच कोरोना की तीसरी लहर का खतरा भी बरकरार है। तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए सरकार कोरोना प्रतिबंध सख्त कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications