Maratha Reservation: उद्धव ठाकरे की केंद्र से मांग, कहा- संसद के विशेष सत्र में लाएं मराठा आरक्षण विधेयक
Uddhav Thackeray On Maratha Reservation: महाराष्ट्र के जालना में मराठा आरक्षण को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद कई लोगों को चोटें आई। अब शिवसेना बालासाहेब ठाकरे (यूटीबी) पार्टी के मुखिया और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने केंद्र से मांग की।
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 18 सितंबर को बुलाए गए संसद के विशेष सत्र के दौरान मराठों को आरक्षण देने की मांग की।

शनिवार को जालना में लोगों को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने मांग करते हुए कहा कि मैं संसद में विशेष सत्र में मराठा आरक्षण देने के लिए पीएम (मोदी) से अपील करना चाहता हूं। इसी के साथ लाठीचार्ज को लेकर शिंदे सरकार को भी घेरा।
जालना जिले में पुलिस लाठीचार्ज पर महाराष्ट्र सरकार पर हमला तेज करते हुए ठाकरे ने कहा कि उनके शासनकाल के दौरान भी आंदोलन हुए थे, लेकिन किसी पर लाठीचार्ज नहीं किया गया था।
जालना में हिंसा भड़कने के एक दिन बाद सारती अंतरवाली गांव में उद्धव ने कहा, "जब हम सत्ता में थे तो हमने आपको न्याय दिलाने की कोशिश की। हमारे समय में भी आंदोलन हुए, लेकिन किसी पर लाठीचार्ज नहीं हुआ। हमारे मंत्रियों ने हर बार प्रदर्शनकारियों से बात की। हम सब एक साथ हैं। आप आंदोलन करते रहिए लेकिन अपना ख्याल रखिए।"
उद्धव ठाकरे ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सभी मामले वापस लेने की मांग की और विस्तृत जांच की मांग की। इस बीच कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने भी सरती अंतरवाली गांव में प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और केंद्र सरकार से कानून में बदलाव कर मराठा आरक्षण देने की मांग की। इससे पहले एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने भी घायल आंदोलनकारियों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से हस्तक्षेप की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications