'जो लोग इसे खरीद नहीं सकते...वे कुछ महीने ना खाएं', प्याज की कीमतों पर बोले महाराष्ट्र के मंत्री
टमाटर के बाद अब प्याज की कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। । प्याज पर 40 फीसदी निर्यात शुल्क लगाने के केंद्र के फैसले के खिलाफ कई जगहों पर प्रदर्शन हुआ है। इसी बीच महाराष्ट्र सरकार के मंत्री दादा भुसे प्याज की बढ़ी कीमतों पर अजब-गजब बयान दिया है।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री दादा भुसे ने कहा कि, दाम बढ़ने की वजह से अगर लोग प्याज नहीं खरीद सकते, तो दो-चार महीने न खाएं। इससे प्याज खराब नहीं होगा।

नासिक में एक कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र सरकार में मंत्री दादा भुसे ने कहा, 'मुझे लगता है कि अगर प्याज के दाम 20 से 25 रुपये महंगे हुए तो अगर दो-चार महीने प्याज नहीं खाया तो कुछ नहीं बिगड़ेगा। अगर किसान के परिवार को 2 रुपये मिल रहे हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है।'
मंत्री जी आगे कहा कि, 'जब आप 10 लाख रुपये से अधिक की गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं तो आप खुदरा दर से 10 से 20 रुपये ऊंची कीमत पर प्याज भी खरीद सकते हैं। भुसे ने कहा, "कभी-कभी प्याज की कीमत ₹200 प्रति क्विंटल होती है जबकि कभी-कभी इसकी कीमत ₹2,000 प्रति क्विंटल होती है। इस पर चर्चा की जा सकती है और एक सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है।"
बता दें कि केंद्र सरकार ने प्याज एक्सपोर्ट फीस 40 प्रतिशत बढ़ा दी है, जिसको लेकर किसान नाराज हैं। केंद्र सरकार ने 19 अगस्त को कीमतों में वृद्धि पर अंकुश लगाने और घरेलू बाजार में आपूर्ति में सुधार के लिए प्याज के निर्यात पर 40 प्रतिशत शुल्क लगाया था। हालांकि, राज्य मंत्री ने सोमवार को कहा कि निर्यात शुल्क लगाने का निर्णय उचित समन्वय के साथ लिया जाना चाहिए था।
सोमवार को, व्यापारियों ने नासिक में सभी कृषि उपज बाजार समितियों (एपीएमसी) में प्याज की नीलामी अनिश्चित काल के लिए बंद करने का फैसला किया है। जिसमें लासलगांव भी शामिल है, जो भारत में सबसे बड़ा थोक प्याज बाजार है। सूत्रों ने बताया कि नासिक जिला प्याज व्यापारी संघ ने केंद्र द्वारा अपना फैसला वापस लेने तक अनिश्चित काल तक प्याज की नीलामी में हिस्सा नहीं लेने का आह्वान किया था। कई किसानों और व्यापारियों ने निर्यात शुल्क वापस लेने की मांग को लेकर जिले भर में विरोध प्रदर्शन किया।












Click it and Unblock the Notifications