Maharashtra: बीड की रैली में शरद पवार के निशाने पर पीएम मोदी, फडणवीस का नाम लेकर कसा तंज
Sharad Pawar Swabhiman Sabha Beed Maharashtra: एनसीपी के संस्थापक शरद पवार ने महाराष्ट्र के बीड में एक बड़ी रैली की है। स्वाभिमान सभा के नाम से आयोजित एनसीपी की इस रैली में पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनके 15 अगस्त वाले भाषण को लेकर निशाना साधा है।
फडणवीस ने भी यही दावा किया था- शरद पवार
एनसीपी के अपने गुट के चीफ शरद पवार ने कहा, '15 अगस्त को पीएम मोदी ने कहा, 'मैं फिर वापस आऊंगा'। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि इसी तरह की बात महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से भी कही गई थी और वह सत्ता में आए, लेकिन निचले पद पर।'

पीएम मोदी ने लाल किले से क्या कहा था?
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था, "परिवर्तन का वादा मुझे यहां ले आया...परफॉर्मेंस मुझे दोबारा ले आया और आने वाले पांच साल अभूतपूर्व विकास के हैं....... 2047 के सपने को साकार करने का सबसे बड़ा स्वर्णीम पल आने वाले पांच साल हैं; और अगली बार 15 अगस्त को इसी लाल किले से मैं आपको देश की उपलब्धियां...... आपके समार्थ्य....... आपके संकल्प....... उसमें हुई प्रगति...... उसकी जो सफलता है..... उसके गौरवगान...... उससे भी अधिक आत्मविश्वास के साथ, आपके सामने में प्रस्तुत करूंगा।"
भाजपा-शिवसेना गठबंधन की जीत के बाद भी फडणवीस नहीं बने थे सीएम
बता दें कि 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी और तब की संयुक्त शिवसेना ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इस गठबंधन की उस चुनाव में बड़ी जीत हुई थी। खुद पीएम मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन सीएम देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश किया था। लेकिन, चुनाव परिणाम आने के बाद शिवसेना उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर अड़ गई।
एकनाथ शिंदे सरकार में अभी डिप्टी सीएम हैं फडणवीस
इस वजह से भाजपा का गठबंधन टूटा और आखिरकार कांग्रेस और एनसीपी के सहयोग से उद्धव सीएम बन गए। लेकिन, पिछले साल उद्धव की शिवसेना टूट गई और उसके बागी नेता एकनाथ शिंदे बीजेपी के समर्थन से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे। उनके साथ देवेंद्र फडणवीस को उपमुख्यमंत्री की कुर्सी से संतोष करना पड़ा और पवार ने इसी को लेकर पीएम मोदी पर तंज कसा है।
शरद पवार का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब उनके भतीजे अजित पवार के साथ उनकी पुणे वाली 'गुप्त' मुलाकात को लेकर अभी तक अटकलबाजियां खत्म नहीं हुई हैं। इसको लेकर यहां तक दावा किया गया है कि सीनियर पवार गुट को बीजेपी के साथ आने पर केंद्र में मंत्री पद का भी ऑफर दिया गया है। हालांकि, खुद पवार बीजेपी के साथ जाने की हर संभावना को बार-बार खारिज कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications