Maharashtra चुनाव के ऐलान पर संजय राउत का चुनाव आयोग पर तंज- 'हरियाणा जैसा महाराष्ट्र में चुनाव ना करवाएं'
Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव की तारीखों की घोषणा मंगलवार (15 अक्टूबर) को चुनाव आयोग ने कर दी है। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनावी नतीजे 23 नवंबर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे। भारतीय चुनाव आयोग द्वारा महाराष्ट्र चुवाव की तारीख के ऐलान पर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
संजय राउत ने एक बार फिर हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम पर संदेह जताते हुए तंज कसा हैं, इसके साथ ही चुनाव में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की गुजारिश की है।

संजय राउत ने कहा, "हम चुनाव की घोषणा का इंतजार कर रहे थे और अब जब चुनाव की तारीख आ चुकी है तो हम कमर कस रहे हैं। हम चुनाव आयोग से उम्मीद करते हैं कि वह महाराष्ट्र राज्य में हरियाणा की तरह चुनाव न कराए।
उद्धव ठाकरे गुट के नेता और राज्य सभा सांसद संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा हरियाणा में जो हुआ, उसे पूरे देश ने देखा है। चाहे ईवीएम हो या पोस्टल बैलेट, जो हुआ, वह सबने देखा। पैसे का खेल होगा और पुलिस और सिस्टम का दुरुपयोग होगा। अगर चुनाव आयोग खुद को निष्पक्ष मानता है, तो उसे महाराष्ट्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए।"
बता दें 8 अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए, जो आश्चर्यजनक रूप से कांग्रेस की उम्मीदों के विपरीत थे। हरियाणा में भाजपा सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर में कांग्रेस के विश्वास के बावजूद, नतीजे विपक्षी दलों के पक्ष में नहीं रहे। इसके बजाय, भाजपा ने पिछले चुनाव की तुलना में अधिक सीटें हासिल कीं, लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की और कांग्रेस को एक बार फिर विपक्ष में धकेल दिया।












Click it and Unblock the Notifications