'..कई दुर्घटनाएं हो रही हैं, सरकार ध्यान नहीं दे रही', बुलढाणा बस हादसे पर संजय राउत का एकनाथ शिंदे पर निशाना
Sanjay Raut Buldhana Bus Accident: शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने शनिवार को महाराष्ट्र के बुलढाणा में समृद्धि-महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एएनआई को बताया कि समृद्धि राजमार्ग पर आज हुई दुर्घटना बेहद निराशाजनक है।
बस में आग लगने से 25 यात्रियों की मौत होने से बेहद दुखी हूं। इस एक्सप्रेसवे पर हो रही लगातार दुर्घटनाओं पर संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस एक्सप्रेसवे पर कई दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है।

बता दें कि हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे महाराष्ट्र के बुलढाणा में समृद्धि-महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हुआ। बस नागपुर से पुणे जा रही थी। करीब 1:30 बजे यह दुर्घटनाग्रस्त हुई। ड्राइवर ने कहा कि टायर फटने के बाद यह दुर्घटना हुई, जिससे बस में आग लग गई।
देखते-देखते बस के डीजल टैंक में आग लग गई। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक सुनील कदसाने ने संवाददाताओं से कहा कि हादसे का सही कारण अभी तक पता नहीं चला है।
पुलिस के मुताबिक, बस में कुल 33 लोग सवार थे, जो पुणे जा रही थी। बस मालिक वीरेंद्र दरना ने भी बताया कि टायर फटने से हादसा हुआ है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और बुलढाणा सिविल अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।
देवेंद्र फड़णवीस ने समृद्धि-महामार्ग एक्सप्रेसवे पर सड़क निर्माण को दुर्घटना का कारण मानने से इनकार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- मणिपुर हिंसा में चीन का हाथ, फिर भी चुप प्रधानमंत्री?, संजय राउत ने बोला बीजेपी पर हमला












Click it and Unblock the Notifications