नकली नोट जब्ती मामले में NIA ने मुंबई में 6 जगह की छापेमारी, सामने आई D-Company की भूमिका
एनआईए ने नकली नोट मामले को लेकर मुंबई के 6 स्थानों पर छापेमारी की है, साथ ही जाली नोट बांटने में डी कंपनी की भूमिका को लेकर संदेह जताया है।

ठाणे से जाली नोटों की जब्ती मामले के बाद नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मुंबई के 6 स्थानों में छापेमारी की। साथ ही एनआईए ने जारी किए अपने बयान में बताया कि जाली नोट बांटने में डी कंपनी की भूमिका नजर आ रही है।
बता दें कि नवंबर साल 2021 में ठाणे से क्राइम ब्रांच की टीम ने 2.98 लाख रुपये की नकली करेंसी जब्ती की थी। इस मामले में टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था, जिनकी पहचान रियाज और नासिर के रूप में हुई, ये दोनों ही मुंबई के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दोनों आरोपियों के न्यायिक हिरासत में होने के बाद उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया। इस मामले में NIA ने जांच संभालते हुए 7 फरवरी को एक बार फिर मामला दर्ज कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को एनआईए मामले की लगातार जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों और संदिग्धों के घरों और कार्यालय में लगातार छापेमारी कर रही है।
बता दें कि डी कंपनी भगोड़े अपराधी और 1993 विस्फोट मामले का मुख्य आरोपी दाऊद इब्राहिम से जुड़े गिरोह को कहा जाता है। वहीं, इस नकली नोट मामले में भी प्रथम दृष्टया गिरोह के तार डी कंपनी से जुड़े हुए नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications