राज्यसभा चुनाव: शरद पवार ने की फडणवीस की तारीफ, बोले- उनकी वजह से ही हुआ ये करिश्मा
मुंबई, 11 जून: महाराष्ट्र में शुक्रवार को राज्यसभा की छह सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा और एमवीए गठबंधन ने तीन-तीन सीटें जीती हैं। राज्य में छठी सीट के लिए भाजपा और शिवसेना में मुकाबला था, जिसमें भाजपा को सफलता मिली। इसको लेकर एनसीपी के चीफ शरद पवार ने भाजपा नेता और राज्य के पूर्व सीएम देवेंद्र फडनवीस की तारीफ की है। पवार ने कहा है कि भाजपा तीसरी सीट जीतने का करिश्मा सिर्फ फडणवीस की वजह से कर सकी है।

शरद पवार ने राज्य के राज्यसभा चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, जो नतीजे आए हैं, उसमें कुछ भी चौंकाने वाला नहीं है। कांग्रेस, शिवसेना, एनसीपी को कोटा के अनुसार वोट दिया मिला है, सिवाय प्रफुल पटेल के जिन्हें अतिरिक्त वोट मिला है और ये वह वोट उनको दूसरी तरफ से मिला है। भाजपा के लिए ये चमत्कार (छठीं सीट पर पर भाजपा की जीत और शिवसेना की हार) इसलिए हुआ क्योंकि देवेंद्र फडणवीस निर्दलीय उम्मीदवारों को अपने पक्ष में करने में कामयाब रहे, इसी ने चुनाव नतीजों में बड़ा फर्क पैदा किया। पवार ने साफ किया किया कि उन नतीजों का महाराष्ट्र की (महा विकास अघाड़ी) सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
शरद पवार ने ये भी बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ उनकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कल मैं दिल्ली का दौरा कर रहा हूं, तब इस पर चर्चा करूंगा।
क्या रहा है महाराष्ट्र का रिजल्ट
महाराष्ट्र में शुक्रवार को 6 सीटों पर चुनाव हुआ, जिसके लिए सात उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें बीजेपी के 3 उम्मीदवार विजयी हुए। वहीं एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना को एक-एक सीट पर जीत मिली। छठीं सीट पर बीजेपी के धनंजय महादिक ने शिवसेना के संजय पवार को हरा दिया। संजय राउत (शिवसेना), प्रफुल पटेल (एनसीपी) और इमरान प्रतापगढ़ी ( कांग्रेस) से जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications