Mumbai Metro Update: बिना डिपो के 2026 में ही शुरू होगी पिंक लाइन, 15 किमी लंबा होगा रूट
Mumbai Metro Update: मुंबई में बन रही मेट्रो लाइन 6 (पिंक लाइन) के यात्रियों के लिए गुड न्यूज है। एक बड़ी तकनीकी बाधा का समाधान निकाल लिया गया है। जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (JVLR) पर बन रही इस महत्वपूर्ण मेट्रो लाइन का काम कंजुरमार्ग डिपो को लेकर चल रहे विवाद के कारण प्रभावित हो रहा था। अब मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने इस समस्या से निपटने के लिए बिना डिपो के मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना बनाई है।
मेट्रो लाइन 6 के संचालन के लिए डिपो की जरूरत होती है। डिपो में ट्रेनों की पार्किंग, मरम्मत और नियमित रखरखाव किया जाता है। लेकिन कंजुरमार्ग डिपो से जुड़ी कानूनी और प्रशासनिक अड़चनों के चलते परियोजना में देरी हो रही थी। इस स्थिति में MMRDA ने विक्रोली के पास एक नया तकनीकी विकल्प तैयार किया है।

Mumbai Metro Update: एलिवेटेड मेंटनेंस डेक का निर्माण
- इसके तहत विक्रोली क्षेत्र में 8-लेन का एलिवेटेड मेंटेनेंस डेक बनाया जा रहा है। इसे पिट लाइन भी कहा जाता है।
- इस विशेष डेक पर ट्रेनों की दैनिक सफाई, निरीक्षण और जरूरी तकनीकी जांच की जाएगी। मेट्रो की सुरक्षा और नियमित संचालन के लिहाज से यह महत्वपूर्ण है।
- इससे डिपो के बिना भी मेट्रो का संचालन संभव हो सकेगा। यह व्यवस्था अस्थायी होने के बावजूद अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी और मेट्रो संचालन की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करेगी।
Mumbai Metro Line 6: 15 किमी लंबी होगी लाइन
मेट्रो लाइन 6 स्वामी समर्थ नगर से विक्रोली तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी होगी और यह पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों को सीधे जोड़ेगी। इस लाइन के शुरू होने से JVLR और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम में काफी कमी आने की उम्मीद है। साथ ही, यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और समय बचाने वाला परिवहन विकल्प मिलेगा। एमएमआरडीए (MMRDA) का लक्ष्य इस नई मेंटेनेंस व्यवस्था के साथ मेट्रो लाइन 6 को 2026 की दूसरी छमाही तक शुरू करना है। इस परियोजना के शुरू होने से लाखों यात्रियों को फायदा मिलेगा और मुंबई के पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications