Mumbai Metro Aqua Line 3: यात्रियों को मिलेगी फुल कनेक्टिविटी, मेट्रो टनल में हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा शुरू
Mumbai Metro Aqua Line 3: मुंबई की पहली और पूरी तरह से अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन 'एक्वा लाइन-3' (कोलाबा-बांद्रा-सीप्स) में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। भारत की प्रमुख दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) ने इस पूरे भूमिगत कॉरिडोर पर अपनी मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी के विस्तार के काम को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
इसके बाद अब कफ परेड तक के पूरे अंडरग्राउंड रूट पर यात्रियों को बिना किसी रुकावट के वॉयस कॉल और हाई-स्पीड डेटा की सुविधा मिलेगी। कंपनी की ओर से किया गया यह नेटवर्क विस्तार मुंबई के भूमिगत सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह डिजिटल रूप से जोड़ने की दिशा में एक बहुत बड़ा और प्रभावी कदम माना जा रहा है।

16 प्रमुख स्टेशनों पर अपनी नेटवर्क सेवाएं शुरू
वोडाफोन आइडिया ने इससे लगभग एक हफ्ते पहले ही इस मार्ग के आरे जेवीएलआर (Aarey JVLR) से लेकर आचार्य अत्रे चौक तक के 16 प्रमुख स्टेशनों पर अपनी नेटवर्क सेवाएं शुरू की थीं। अब इस अंतिम भूमिगत हिस्से के जुड़ जाने के बाद पूरी एक्वा लाइन-3 पूरी तरह से नेटवर्क कवरेज के दायरे में आ गई है।
अंडरग्राउंड रूट पर कनेक्टिविटी बढ़ेगी
मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन-3 शहर की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक है। यह लगभग 33.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन दक्षिण मुंबई के कफ परेड को उत्तरी हिस्से में आरे से जोड़ती है। चूंकि यह पूरी लाइन जमीन से कई मीटर नीचे बनी है, इसलिए इसके भीतर बाहरी मोबाइल टावरों के सिग्नल प्लेटफॉर्म या टनल तक पहुंचना तकनीकी रूप से बेहद जटिल था।

इस समस्या का समाधान करने के लिए वोडाफोन आइडिया ने अत्याधुनिक इन-बिल्डिंग सॉल्यूशंस (IBS) का यूज किया है। अब टनल के अंदर भी कंपनी के मजबूत नेटवर्क सिग्नल मौजूद रहेंगे। इसके परिणामस्वरूप यात्री चलते हुए मेट्रो कोच के अंदर भी बिना कॉल ड्रॉप के महत्वपूर्ण बातचीत कर पाएंगे और बिना रुके इंटरनेट सेवाओं का आनंद ले सकेंगे।
किन यात्रियों का सबसे अधिक फायदा?
साउथमुंबई का कफ परेड इलाका कॉर्पोरेट दफ्तरों और व्यावसायिक गतिविधियों का एक बड़ा केंद्र है। इस मार्ग पर हर दिन हजारों की संख्या में प्रोफेशल्स, नौकरीपेशा लोग और छात्र यात्रा करते हैं। टनल के भीतर नेटवर्क गायब हो जाने से पहले लोगों के लिए अपने जरूरी काम निपटाना या दफ्तर के सहयोगियों से संपर्क साधना लगभग असंभव हो जाता था।
अब कफ परेड तक नेटवर्क पहुंच जाने से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और नरीमन पॉइंट जैसे बिजनेस हब के बीच यात्रा करने वालों का समय काफी बचेगा। यात्री अब मेट्रो के भीतर बैठकर ही अपनी ऑनलाइन मीटिंग्स अटेंड कर सकेंगे, जरूरी ईमेल्स भेज सकेंगे और डिजिटल पेमेंट जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को भी बिना किसी नेटवर्क की परेशानी के पूरा कर पाएंगे।
दो चरणों में पूरा हुआ कनेक्टिविटी का यह काम
वोडाफोन आइडिया ने बिजी और संवेदनशील मेट्रो लाइन में नेटवर्क बिछाने का काम शुरू कर दिया है। पहले फेज के अंतर्गत कंपनी ने केवल उन 16 प्रमुख स्टेशनों पर अपना नेटवर्क बुनियादी ढांचा खड़ा किया, जो आरे जेवीएलआर से लेकर आचार्य अत्रे चौक के बीच स्थित हैं। इस चरण की सफलता ने यात्रियों के बीच काफी भरोसा पैदा किया।
इसके तुरंत बाद कंपनी ने बचे हुए टनल वाले हिस्से और स्टेशनों पर भी युद्ध स्तर पर काम शुरू किया। नतीजा यह रहा कि अब पूरे नेटवर्क का विस्तार अंतिम स्टेशन कफ परेड तक पूरा कर लिया गया है। कंपनी का दावा है कि पीक ऑवर्स के दौरान भारी भीड़ होने पर भी नेटवर्क की स्पीड और गुणवत्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।













Click it and Unblock the Notifications