मुंबई मेयर बोलीं- अभी वीकेंड कर्फ्यू नहीं, सीएम उद्धव के साथ पीएम करेंगे समीक्षा बैठक
नई दिल्ली, 7 जनवरी: देश में कोरोना महामारी का कहर जारी है। महाराष्ट्र मौजूदा वक्त में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां पर सिर्फ राजधानी मुंबई में ही 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिनों पहले मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा था कि अगर रोजाना के आंकड़े 20 हजार के पार गए तो लॉकडाउन लागू होगा, लेकिन अब वो अपने बयान से पलट गई हैं। मेयर के मुताबिक अभी वीकेंड कर्फ्यू के संबंध में कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है।

मीडिया से बात करते हुए मुंबई की मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम को मुंबई में कोविड की स्थिति पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ एक वर्चुअल बैठक करेंगे। इसके बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जाएगा। फिलहाल वीकेंड कर्फ्यू का कोई प्लान नहीं है। इससे पहले मेयर ने लोगों को सलाह दी थी कि वो बसों और ट्रेन में यात्रा करते वक्त त्रिपल लेयर मास्क पहनें।
धारावी में तेजी से बढ़ रहे केस
एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में भी हालात चिंताजनक हैं। वहां पर पिछले 24 घंटे में 150 केस सामने आए। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 558 हो गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक धारावी में बहुत ज्यादा घनी आबादी है। ऐसे में अगर वहां पर संक्रमण ज्यादा फैला तो, बहुत से लोग इसकी चपेट में आ जाएंगे।
शुक्रवार को कितने केस?
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मुंबई में पिछले 24 घंटों में 20971 मरीज सामने आए। जिसमें से 17616 में कोई लक्षण नहीं हैं। इसके अलावा 1395 मरीजों को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। विभाग के मुताबिक मुंबई में कुल 35645 बेड हैं, जिसमें से अभी तक सिर्फ 6531 पर ही मरीज हैं, बाकी के बेड खाली हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में ही 8490 मरीजों ने इस वायरस को मात दी, जबकि मौत का आंकड़ा 6 रहा।












Click it and Unblock the Notifications