Mumbai Local Train: मुंबई में लोकल ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ होगी कम, रेलवे कर रहा ये उपाय
Mumbai Local Train: मुंब्रा में हुए हाल ही के एक हादसे में 5 लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद, रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है और यात्रियों की सुरक्षा कोध्यान में रखते हुए एक के बाद एक अहम प्रयास कर रहा है। मुंबई लोकल ट्रेन में यात्रियों की भीड़भाड़ कम करने के लिए रेलवे विभाग ने ट्रेनों की फेरियों को दोगुना करने का निर्णय लिया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि मुंबई में लोकल ट्रेनों की फेरियां जल्द ही दोगुनी कर दी जाएंगी। इस कदम से मुंबई के लाखों यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि महाराष्ट्र के लिए रेलवे विभाग ने इस साल 81 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया है, जिसमें से अकेले मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में 16 हजार करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई में लोकल ट्रेनों की संख्या अगले तीन वर्षों में दोगुनी कर दी जाएगी।
बढ़ाई जाएगी ट्रेनों की फेरियां
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि मुंबई में वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 3200 फेरियां होती हैं, और इसे बढ़ाने के लिए काम चल रहा है! चरणबद्ध तरीके से लगभग 300 अतिरिक्त लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे दैनिक सेवाओं में वृद्धि होगी।
दो लोकल के बीच कम होगा अंतराल
अभी मुंबई में दो लोकल ट्रेनों के बीच तीन मिनट का अंतराल होता है. इस अंतराल को कम करने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई इस तरह की प्रणाली लागू करने वाला पहला शहर होगा, जहां दो लोकल के बीच का अंतर तीन मिनट से घटकर ढाई मिनट हो जाएगा।
नए ट्रैक के निर्माण के बाद बढ़ेगी ट्रेनों की संख्या
वर्तमान में, 3,200 उपनगरीय लोकल ट्रेनों से प्रतिदिन 75 लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि लगभग 300 किलोमीटर के नए ट्रैक बिछाने और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के पूरा होने से सेवाओं में वृद्धि संभव हो पाएगी।
सीबीटीसी प्रणाली से जोड़ा जाएगा
रेलवे लाइनों पर तकनीकी दिक्कतों को दूर करते हुए तीनों मार्गों पर लोकल ट्रेनों को कवच प्रणाली और कंबाइन कम्युनिकेशन्स बेस्ड कंट्रोल ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) प्रणाली से जोड़ा जाएगा। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सीबीटीसी प्रणाली से अगले तीन वर्षों में लोकल फेरियों की संख्या दोगुनी हो जाएगी. इसके साथ ही 350 नई एसी लोकल ट्रेनें भी शुरू की जाएंगी।
लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक गेट
मुंब्रा हादसे के बाद, लोकल ट्रेनों में स्वचालित दरवाजे लगाने की घोषणा की गई थी. इस पर तेजी से काम चल रहा है। अश्विनी वैष्णव के अनुसार, स्वचालित दरवाजे वाली पहली लोकल ट्रेन का परीक्षण नवंबर में किया जाएगा।
सुरक्षा के लिए AI कैमरे
पश्चिम रेलवे अपनी सभी यात्री और मालगाड़ियों के 978 इलेक्ट्रिक और डीजल इंजनों में सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित छह हजार कैमरे लगाएगा। इन कैमरों की अनुमानित लागत लगभग 100 करोड़ रुपये होगी. ये कैमरे 360 डिग्री के कोण से हर गतिविधि पर नजर रखेंगे, जिससे पटरियों से लेकर इंजन के अंदर तक की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा सकेगा। रेलवे का मानना है कि इन कैमरों से दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाना आसान हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications