मुंबई में लगातार दूसरे दिन 20 हजार से ज्यादा केस, धारावी पर भी मंडरा रहा 'बड़ा खतरा'
नई दिल्ली, 7 जनवरी: देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है, जहां देश में शुक्रवार को एक लाख से ज्यादा मरीज सामने आए। महाराष्ट्र में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। वहां की राजधानी मुंबई में ही रोजाना के केस 20 हजार के पार पहुंच गए। इसके अलावा एक्टिव केस की संख्या एक लाख पहुंचने वाली है। हालांकि मुंबई की मेयर ने साफ कर दिया है कि अभी लॉकडाउन या वीकेंड कर्फ्यू लगाने का कोई प्लान नहीं है।

महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में 40,925 नए केस सामने आए, जबकि 20 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में पिछले 24 घंटों में 20971 मरीज सामने आए। जिसमें से 17616 में कोई लक्षण नहीं हैं। इसके अलावा 1395 मरीजों को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। विभाग के मुताबिक मुंबई में कुल 35645 बेड हैं, जिसमें से अभी तक सिर्फ 6531 पर ही मरीज हैं, बाकी के बेड खाली हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में ही 8490 मरीजों ने इस वायरस को मात दी, जबकि मौत का आंकड़ा 6 रहा।
रोजाना बड़ी संख्या में केस मिलने की वजह से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक्टिव केस की संख्या 91731 हो गई है। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने टेस्ट की संख्या बढ़ा दी है, जिस वजह से शुक्रवार को 72442 टेस्ट किए गए।
धारावी में 150 केस
एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में भी हालात चिंताजनक हैं। वहां पर पिछले 24 घंटे में 150 केस सामने आए। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 558 हो गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक धारावी में बहुत ज्यादा घनी आबादी है। ऐसे में अगर वहां पर संक्रमण ज्यादा फैला तो बहुत से लोग इसकी चपेट में आ जाएंगे। हालांकि बीएमसी इलाके में सख्त उपाय करने की बात कह रही है।
देश में शुक्रवार को कितने नए केस?
पिछले 24 घंटे में नए केस- 1,17,100
मौतें- 302
रिकवरी- 30,836












Click it and Unblock the Notifications