Maharashtra: मुंबई-रांची फ्लाइट में पैसेंजर की बिगड़ी तबीयत, होने लगी खून की उल्टी...नहीं बच सकी जान
Maharashtra News: मुंबई से रांची इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट में सोमवार 21 अगस्त की शाम पैसेंजर की अचानक से तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि, पैसेंजर की जान नहीं बच सकी। उसकी मृत्यु अस्पताल ले जाते वक्त हो गई।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 62 वर्षीय पुरुष यात्री सीकेडी (क्रोनिक किडनी रोग) और तपेदिक से पीड़ित था। फ्लाइट के उड़ान के बीच में ही उसे खून की उल्टी होने लगी थी। पैसेंजर की तबीयत खराब देखकर फ्लाइट की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

नागपुर हवाई अड्डे पर तैनात KIMS-किंग्सवे अस्पताल की मेडिकल टीम ने पैसेंजर का इलाज किया, मगर उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों की मानें तो अधिक मात्रा में खून बह जाने की वजह से पैसेंजर मृत्यु हो गई। फिलहाल, शव को केआईएमएस किंग्सवे में जीएमसीएच भेज दिया गया है।
पैसेंजर की पहचान देवानंद तिवारी के रूप में हुई है। देवानंद तिवारी, 21 अगस्त की रात 8 बजे मुंबई से रांची की इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 5093 में यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और उन्हें खून की उल्टियां होने लगी।
अस्पताल की ओर से जारी एक प्रेस बयान में कहा गया कि यात्री देवानंद तिवारी तपेदिक और क्रोनिक किडनी रोग से पीड़ित था। उसने विमान में बड़ी मात्रा में खून की उल्टी की और उनको मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। आगे की प्रक्रिया के लिए शव को सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया है।
जरूरी मेडिकल प्रक्रियाओं और मंजूरी के बाद इंडिगो फ्लाइट ने सफलतापूर्वक नागपुर से रांची तक अपनी यात्रा फिर से शुरू की। गौरतलब है कि एयरपोर्ट से किसी मरीज को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की यह दूसरी घटना है। पिछले हफ्ते ही एक 40 साल के इंडिगो पायलट की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications