Maharashtra Govt Job: नवरात्रि के पहले महाराष्ट्र सरकार का ऐलान, 5,500 शिक्षकों की होगी नियुक्ति
Assistant Professors Vacancy 2025: महाराष्ट्र सरकार ने नवरात्रि से पहले बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार ने बताया कि महाराष्ट्र के मेडिकल कॉलेजों में बंपर नियुक्तियां की जाएगी। राज्य के सीनियर कॉलेजों में 5,500 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती कमार्च 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा है।
उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने यह घोषणा नांदेड में स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के 28वें दीक्षांत समारोह के दौरान की। इस पहल का उद्देश्य राज्य में उच्च शिक्षा को सुदृढ़ करना है।

मंत्री पाटिल ने बताया कि सरकार ने सहायक प्रोफेसरों के साथ-साथ 2,900 नॉन-टीचिंग पोस्ट को भी मंजूरी दी है। वित्त और योजना विभाग ने इन नियुक्तियों को हरी झंडी दे दी है, और जल्द ही इस संबंध में एक सरकारी प्रस्ताव (GR) जारी किया जाएगा।
राज्यपाल के सामने उठाया जाएगा ये मुद्दा
मंत्री ने बताया यह भी स्पष्ट किया कि पहले विश्वविद्यालयों में 700 सहायक प्रोफेसरों की भर्ती का एक आदेश था, लेकिन उस समय के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा एक अलग प्रक्रिया सुझाए जाने के कारण वह पूरा नहीं हो सका। अब, चूंकि राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति नियुक्त हो चुके हैं, यह मामला नए राज्यपाल आचार्य देवव्रत के सामने उठाया जाएगा।
पाटिल ने विश्वविद्यालयों को विदेशी छात्रों को आकर्षित करने के लिए सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष एक एजेंसी के माध्यम से 65 देशों से 4,000 छात्रों ने नामांकन किया, लेकिन इनमें से अधिकांश ने पुणे और मुंबई जैसे शहरों को प्राथमिकता दी।
मंत्री ने युवाओं को दी ये सलाह
मंत्री ने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी और नवाचार के महत्व की भी याद दिलाई। उन्होंने छात्रों से कहा कि उन्हें केवल करियर पर ध्यान केंद्रित नहीं करना चाहिए, बल्कि उद्यमिता और नवाचार के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों को भी अपनाना चाहिए, क्योंकि युवाओं में समाज को बदलने की अपार क्षमता है।
सरकार की इन पहलों ने खोले रोजगार के द्वार
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने 'स्टार्टअप इंडिया', 'मेक इन इंडिया' और 'डिजिटल इंडिया' जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं। पाटिल ने छात्रों को प्रोत्साहित किया कि वे नए रास्ते तलाशें, प्रयोग करें और नवाचार करें, लेकिन हमेशा अपने कदमों को नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित रखें।












Click it and Unblock the Notifications