'संविधान उन्हें खाली लगता है क्योंकि उन्होंने इसे कभी नहीं पढ़ा', राहुल गांधी ने PM मोदी पर यूं किया पलटवार
Maharashtra Elections 2024: विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी महाराष्ट्र के नंदुरबार पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'कोरा संविधान' दिखाने के आरोप पर पलटवार किया। राहुल गांधी ने कहा, 'प्रधानमंत्री को संविधान कोरा लगता है, क्योंकि उन्होंने अपने जीवन में इसे कभी पढ़ा ही नहीं है।'
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राहुल गांधी ने गुरुवार 14 नवंबर को महाराष्ट्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैं जनसभाओं में संविधान दिखाता हूं जो खोखला है। उन्होंने कहा कि संविधान उनके लिए खाली है क्योंकि उन्हें संविधान खाली लगता है क्योंकि उन्होंने इसे अपने जीवन में कभी नहीं पढ़ा है।

पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने नंदुरबार में कहा कि संविधान कोरा नहीं है, बल्कि इसमें हजारों वर्षों की सोच और विचार समाहित हैं। उन्हें पता ही नहीं है कि इस किताब में क्या लिखा है, इसीलिए वह इसे खाली कहते है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संविधान के कवर के रंग पर किए गए हमले को लेकर भी पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि वो कहते हैं मैं रैलियों में संविधान की लाल किताब दिखाता हूं। लेकिन मैं कहता हूं संविधान की किताब का कवर लाल हो या किसी और रंग, इसके अंदर को जो लिखा है, वह ज्यादा महत्वपूर्ण है। कहा कि कवर के रंग से हमें फर्क नहीं पड़ता, लेकिन जो इसके अंदर लिखा है, हम उसकी रक्षा के लिए जान देने को तैयार हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को यह समझाना चाहता हूं कि यह संविधान खोखला नहीं है। यह हजारों वर्षों के विचारों से भरा हुआ है। जब आप इसे खोखला कहते हैं, तो आप बिरसा मुंडा, महात्मा गांधी, अंबेडकर और अन्य का अपमान करते हैं। यह लड़ाई इसे बचाने के लिए है।
जाति जनगणना की मांग
चुनावी जनसभा में राहुल गांधी ने आदिवासियों के अपर्याप्त प्रतिनिधित्व पर प्रकाश डालते हुए, कहा कि आबादी का 8% हिस्सा होने के बावजूद, आदिवासियों का प्रभाव न्यूनतम है। नब्बे सरकारी अधिकारियों में केवल एक आदिवासी अधिकारी है। इस असमानता को दूर करने के लिए, उन्होंने जाति जनगणना की मांग की।
क्या कहा था पीएम मोदी ने
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान की जिस "लाल किताब" का बखान कर रही है, उसमें "कुछ भी नहीं" है। उन्होंने कहा, "फर्जीवाड़ा में कांग्रेस ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पीएम मोदी ने कहा था कि संविधान की जिस 'लाल किताब' का कांग्रेस पार्टी बखान कर रही थी और बांट रही थी, उसमें 'कुछ भी' नहीं था।
यह एक खोखली किताब थी। यह बाबा साहेब अंबेडकर के प्रति कांग्रेस की उपेक्षा और नफरत के अलावा और कुछ नहीं है। कांग्रेस के इस मूर्खतापूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण राजनीतिक खेल से पूरा देश स्तब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications