कोरोना से बेहाल महाराष्ट्र: महामारी ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, 24 घंटे में सबसे अधिक मौतें और 68000 से ज्यादा केस
मुंबई, अप्रैल 18। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण ने राज्य सरकार की चिंता को बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में यहां 68,631 नए मरीज सामने आए जबकि इस दौरान 503 लोगों की मौत भी हुई। आपको बता दें कि महामारी की शुरुआत से महाराष्ट्र में यह एक दिन में सामने आया सबसे अधिक मामला है, वहीं पहली बार राज्य में 500 से अधिक एकदिवसीय मौतें हुई हैं। नए संक्रमण के सभी रिकॉर्ड टूटने के बाद संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे प्रदेश में पूर्ण लॉकडाउन को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं।

Recommended Video
गौरतलब है कि रविवार को पहली बार 68,631 नए कोविड-19 मामले सामने आए जो अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। इससे पहले राज्य में 17 अप्रैल को सबसे अधिक 67,123 एकदिवसीय मामले सामने आए थे। इसके अलावा दिन में 503 मौतें हुईं जिससे कुल मौत का आंकड़ा 60,473 हो गया। एक दिन में होने वाली मौतों में रविवार की संख्या सबसे अधिक है। इससे पहले पिछले साल 2 अक्टूबर को एक दिन में सबसे अधिक 424 मौतें हुई थीं। राहत की खबर यह है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 45,335 रोगी ठीक भी हुए हैं, इसे मिलाकर महाराष्ट्र में कुल 30,04,391 लोग कोविड-19 को मात दे चुके हैं। प्रदेश का रिकवरी दर 81.12 प्रतिशत है।
शहरों मे क्या है स्थिति
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक वर्तमान में 36,75,518 लोग होम क्वारंटीन हैं और 26,529 लोग संस्थागत आइसोलेशन में हैं। महाराष्ट्र में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या 6,70,388 है। शहरों की बात करें तो सबसे अधिक नए केस दर्ज कराने वाले मुंबई में रविवार को कुल 8,479 नए केस मिले। इस दौरान यहां 53 लोगों की मौत भी हुई। दूसरे नंबर पर नागपुर था जहां से 7107 नए मरीज सामने आए, यहां सबसे अधिक 85 मौतें हुई। इसके अलावा कोल्हापुर सर्कल में 2264 नए मामले दर्ज किए गए, औरंगाबाद सर्कल 3418, लातूर सर्कल 4921, अकोला सर्कल 2727 नए कोविड मामले दर्ज किए गए।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में कोरोना मरीजों को बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, रेमेडिसविर इंजेक्शन कहां और कैसे पाए? जानें पूरी डिटेल












Click it and Unblock the Notifications