महाराष्ट्र बजट सत्र: शिवाजी पर बयान देकर घिरे राज्यपाल, विधानसभा के बीच में छोड़ना पड़ा भाषण
मुंबई, 03 मार्च: महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों हंगामा मचा हुआ है। और यह हंगामा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के शिवाजी महाराज पर दिए गए बयान के बाद हुआ है। ऐसे में गुरुवार को विधानसभा के बजट सत्र के पहले ही दिन राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के विधायकों ने नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। जिसकी वजह से राज्यपाल कोश्यारी को अपना भाषण बीच में ही छोड़ना पड़ा।

दरअसल, महाविकास अघाड़ी के विधायकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज पर कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ विधानसभा में जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। इतना ही नहीं राकांपा विधायक संजय दौंड ने विरोध स्वरूप 'शीर्षासन' किया।
यह सारा हंगामा उस वक्त देखने को मिला जब विधानसभा सत्र के दौरान राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी अपना भाषण दे रहे थे। ऐसे में विधायकों के विरोध के चलते उनको अपना संबोधन बीच में छोड़ना पड़ा।
वहीं शिवसेना नेता मनीषा कायंडे ने कहा कि वह (गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी) क्या संदर्भ दे रहे हैं? उसे यह कहने की जरूरत नहीं थी। मुझे लगता है कि वह भाजपा के साथ हैं और उन्होंने सत्र शुरू होने के मद्देनजर इस विवाद को उठाया है।
Recommended Video
आपको बता दें कि राज्यपाल ने हाल ही में शिवाजी पर बयान देते हुए कहा था कि चाणक्य बिना चंद्रगुप्त को कौन पूछेगा? इसी प्रकार स्वामी समर्थ के बिना शिवाजी महाराज को कौन पूछेगा? जिसके बाद राज्यपाल पर शिवाजी महाराज के अपमान का आरोप लगाया गया है। मालूम हो कि रविवार को औरंगाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने छत्रपति शिवाजी महाराज और चंद्रगुप्त मौर्य का उदाहरण देते हुए गुरु की भूमिका पर अपना बयान दिया था। राज्यपाल के इस बयान के बाद शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के नेताओं ने आपत्ति जताई है।












Click it and Unblock the Notifications