Kashmir files: महाराष्ट्र में टैक्स फ्री होगी या नहीं ? संजय राउत ने ये बताया
मुंबई, 17 मार्च: कश्मीरी पंडितों पर हुए जुल्म की कहानी बयां करती फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को महाराष्ट्र में टैक्स फ्री करने की मांग पर गुरुवार को शिवसेना ने चुप्पी तोड़ी है। पार्टी ने इसके लिए भी अपने चर्चित सांसद संजय राउत को आगे कर दिया है और उन्होंने इसे टैक्स फ्री करने की मांग को यह कहकर खारिज कर दिया है कि बालासाहेब ठाकरे पर बनी फिल्म भी टैक्स फ्री नहीं हुई थी, लेकिन फिर भी लोग उसे देखने आए थे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में विपक्षी पार्टियां लगातार सरकार से इस फिल्म को टैक्स से राहत देने की मांग कर रही हैं।

..तो क्यों टैक्स फ्री किया जाना चाहिए- संजय राउत
कश्मीरी पंडितों के साथ तीन दशक पहले कश्मीर में हुई ज्यादती पर बनी दिल को झकझोर देने वाली फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को महाराष्ट्र में टैक्स फ्री करने के बारे चल रही अटकलों पर से शिवसेना नेता संजय राउत ने गुरुवार को पर्दा हटा दिया है। पार्टी ने कहा है कि बालासाहेब ठाकरे पर भी फिल्म बनाई गई थी, जिसे टैक्स फ्री नहीं किया गया था, लेकिन फिर लोग इसे देखने के लिए आए, तो फिर फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को क्यों टैक्स फ्री क्या जाना चाहिए। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में शिवसेना की अगुवाई वाली महा विकास अघाड़ी की गठबंधन की सरकार है, जिसमें एनसीपी और कांग्रेस जूनियर पार्टनर हैं और विपक्षी बीजेपी लगातार प्रदेश में इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग कर रही है।

कई राज्यों में टैक्स फ्री हो चुकी है 'द कश्मीर फाइल्स'
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, त्रिपुरा, कर्नाटक, गोवा, हरियाणा, गुजरात, असम और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है। इस फिल्म को टैक्स फ्री करने वाले अधिकतर राज्य भाजपा शासित हैं। यह फिल्म 1990 के दशक में कश्मीर घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर फोकस करके बनाई गई है। 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है और इस फिल्म के मुख्य किरदारों में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार के अलावा कई सारे लोग हैं। यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई है; और बॉलीवुड से पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल कर रही है।

'कश्मीरी पंडित शिवसेना को जानते हैं'
न्यूज एजेंसी एएनआई से संजय राउत ने इस फिल्म को टैक्स फ्री करने को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा है, 'फिल्म द कश्मीर फाइल को छोड़िए, जब हमने बाबासाहेब ठाकरे पर फिल्म बनाई थी, हमने उसे टैक्स फ्री नहीं किया था, फिर भी लोग इसे देखने के लिए आए थे।' उन्होंने कहा है कि 'बालासाहेब ठाकरे ने कश्मीरी पंडितों के बच्चों के लिए महाराष्ट्र में मेडिकल और इंजीनियरिंग में कोटा भी रखा था।' वो बोले, 'कश्मीरी पंडित शिवसेना को जानते हैं। द कश्मीर फाइल फिल्म कैसे बनी है सब जानते हैं, यह क्यों बनाई गई और इस फिल्म का एजेंडा क्या है। द कश्मीर फाइल्स फिल्म पर जो राजनीति की जा रही है, वह सही नहीं है।'

कश्मीरी हिंदुओं को न्याय दिलाने की हो रही है मांग
गौरतलब है कि जब से बीजेपी सरकार में शीर्ष स्तर पर फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को बनाने के लिए फिल्मकारों की सराहना की गई है, इसको लेकर जबर्दस्त राजनीति हो रही है। दूसरी तरफ बॉलीवुड में सामान्य से सामान्य फिल्मों को प्रमोशनों के जरिए हिट कराने वाला एक वर्ग 'द कश्मीर फाइल्स' की हैरान कर देने वाली सफलता पर संदिग्ध चुप्पी साधे हुए नजर आ रहा है। इसके साथ ही कश्मीर में जुल्म के शिकार हुए लाखों कश्मीरी हिंदुओं को न्याय दिलाने की मांग भी जोर पकड़ रही है। कुछ संगठन तो फिल्म निर्माताओं से फिल्म की कमाई का एक हिस्सा कश्मीरी हिंदुओं के कल्याण के लिए देने की भी मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications