'अब खून और क्रिकेट एक साथ कैसे बहेंगे', उद्धव की शिवसेना हुई आगबबूला, INDIA-PAK मैच के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
India-Pakistan Asia Cup Match: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच लीग मैच 14 सितंबर को यूएई में खेला जाएगा। भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में गर्मागर्मी का माहौल है। इस मैच को लेकर शिवसेना उद्धव ठाकरे (Shiv Sena UBT) आगबबूला हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनका पुराना बयान याद दिलाते हुए शिवसेना यूबीटी ने भारत से पाकिस्तान के खिलाफ मैच न खेलने की मांग की है और भारत-पाकिस्तान के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने का ऐलान कर दिया है।

ठाकरे गुट ने 14 सितंबर को राज्यव्यापी 'माझं कुंकू-माझा देश' आंदोलन की घोषणा की है। हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मोदी के पुराने बयान, "खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते," का हवाला देते हुए पूछा, "अब खून और क्रिकेट एक साथ कैसे बहेंगे, यह मोदी को बताना चाहिए।"
प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं- 'जब पीएम मोदी ने कहा था ऑपरेशन सिंदूर..'
शिवसेवस यूबीटी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस पर विरोध जताते हएु एक पोस्ट लिखी है। जिसमें उन्होंने'ऑपरेशन सिंदूर' का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि जब वे इस ऑपरेशन के तहत विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे, तब उन्हें यह स्पष्ट संदेश दिया गया था कि "जब तक वे लोग हमारे देशवासियों का खून बहाते रहेंगे, तब तक न तो कोई व्यापार होगा, न कोई बातचीत होगी, और न ही पानी बहेगा।"
सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने 26 जवानों की शहादत और 26 महिलाओं के विधवा होने का जिक्र किया, जो पहलगाम में हुए आतंकी हमले का परिणाम था। इस घटना के बाद ही 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया गया था, जिसके तहत भारत ने पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया। उस समय यह तय किया गया था कि पाकिस्तान के साथ व्यापार और बातचीत दोनों बंद रहेंगे।
मैच आयोजित करना उस संकल्प को तोड़ना है
प्रियंका चतुर्वेदी का मानना है कि ऐसे में क्रिकेट मैच आयोजित करना उस संकल्प को तोड़ने जैसा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री से भी इस मैच को रद्द करने की अपील की थी। उनका आरोप है कि एशिया क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख ने लगातार आसिम मुनीर का समर्थन किया है।
"पाकिस्तान के खिलाड़ी भारत का मजाक उड़ाते हैं"
सांसद ने आगे कहा, "पाकिस्तान के खिलाड़ी सोशल मीडिया पर भारत का मजाक उड़ाते हैं और 'ऑपरेशन सिंदूर' को नीचा दिखाते हैं। उन्होंने शहीदों के परिवारों की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट कीं। इसके बावजूद यह मैच खेला जा रहा है।" उन्होंने लाइव प्रसारण पर रोक लगाने की भी जोरदार मांग की थी।
अजित पवार ने भारत-पाकिस्तान मैच पर क्या कहा?
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अजित पवार ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में अलग-अलग मतभेद स्वाभाविक हैं। उन्होंने कहा कि "दोनों तरह के लोग हैं, दोनों वर्गों की अपनी-अपनी राय है। मेरी जानकारी के अनुसार, मैच होगा। जिस स्तर पर निर्णय लिया जाना था, वह ले लिया गया है।"












Click it and Unblock the Notifications