उद्धव ठाकरे का बागी विधायकों पर तंज, कहा- हमारे अपनों ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है
मुंबई, जून 24। महाराष्ट्र में आए सियासी संकट को संवारने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एकबार फिर से शिवसेना के बागी विधायकों के नाम एक संदेश जारी किया है। शुक्रवार को उद्धव ठाकरे ने पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो अपलोड बागी विधायकों को एक मैसेज दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर आपको लगता है कि मैं पार्टी को संभालने की स्थिति में नहीं हूं तो आप मुझे आकर बताएं, मैं खुद पार्टी से अलग होने के लिए तैयार हूं। उद्धव ठाकरे ने कहा है कि अगर आप सभी को लगता है कि मैं पार्टी चलाने में सक्षम नहीं हूं तो मैं पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हूं, लेकिन उसके लिए आपको मुंबई आकर मुझे यह बात कहनी होगी।

हमारे अपने लोगों ने पीठ में घोंपा है छुरा- उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने आगे कहा है कि महाराष्ट्र में आज जो सियासी संकट आया है, उसमें कांग्रेस और एनसीपी अभी भी हमारा समर्थन कर रहे हैं, शरद पवार और सोनिया गांधी जी हमारे साथ हैं, लेकिन हमारे अपने ही लोगों ने हमारी पीठ में छुरा घोंप दिया है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमने ऐसे लोगों को टिकट दिया जो जीत नहीं सकते थे और हमने उन्हें विजयी बनाया। उन लोगों ने आज हमारी पीठ में छुरा घोंपा है।
उद्धव ठाकरे ने और क्या कुछ कहा?
- उद्धव ठाकरे ने बागी विधायकों से कहा है कि आप में से कई लोगों को फोन आ रहे होंगे, जिनमें कुछ प्यार करने वाले और कुछ को धमकी देने वाले। मैं कहता हूं हर शेर को सावा शेर मिला ही है। आपको शिवसेना में सावा शेर मिल जाएगा। शिवसेना तलवार की तरह, म्यान में रखे तो जंग लगती है। यदि आप इसे बाहर निकालते हैं, तो यह चमकेगी।
- उद्धव ठाकरे ने कहा है कि जब हिंदुत्व के नाम पर भाजपा और शिवसेना को अछूत माना जाता था और कोई भी भाजपा के साथ जाने को तैयार नहीं था, बालासाहेब ने कहा कि हिंदुत्व वोटों का विभाजन नहीं होना चाहिए, इसलिए हम बीजेपी के साथ रहे और आज उसी का खामियाजा हम भुगत रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि बीजेपी सिर्फ शिवसेना को खत्म करना चाहती है।
- उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा ने मेरी पार्टी और मेरे परिवार को बदनाम किया है। ऐसे में बीजेपी के साथ जाने का सवाल ही नहीं उठता। विधायक अगर वहां जाना चाहते हैं तो वे सभी जा सकते हैं। मैं नहीं करूंगा। अगर कोई जाना चाहता है तो वो जाए।












Click it and Unblock the Notifications