शाबाश शिंदे! वेदांता-फॉक्सकॉन डील पर शिवसेना का तंज, कहा-CM पद के बदले हुआ सौदा
नई दिल्ली, 15 सितंबर। वेदांता समूह और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र की दिग्गज फॉक्सकॉन के सेमी कंडक्टर और डिस्प्ले एफएबी मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट को महाराष्ट्र की जगह गुजरात में लगाए जाने को लेकर राजनीति गरमा गई है। अब इसको लेकर शिवसेना ने 'सामना' के जरिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर हमला बोला है। संपादकीय में कहा गया है कि भाजपा ने एकनाथ शिंदे से उन्हें CM पद ऑफर करके समर्थन मांगा और सौदा महाराष्ट्र से गुजरात शिफ्ट हो गया। संपादकीय में कहा गया है कि यह आरोप नहीं बल्कि हमारा विश्वास है। संपादकीय में यह भी कहा गया है, इसी तरह फडणवीस ने अपने कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय वित्त केंद्र को मुंबई से उठाकर गुजरात को दे दिया था। ठीक उसी तरह एकनाथ शिंदे ने फॉक्सकॉन-वेदांत सौदे को गुजरात जाने की अनुमति दी है और क्या पता वे वे मुंबई को भी बेच देंगे?

ये भी पढ़ें - महाराष्ट्र के हाथ से छिना 1.54 लाख करोड़ का सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट, विपक्ष ने सरकार को घेरा

फॉक्सकॉन तो सिर्फ शुरुआत है
संपादकीय में कहा गया है कि फॉक्सकॉन तो सिर्फ शुरुआत है। फॉक्सकॉन का सौदा बहुत ही सरल तरीके से भाजपा ने किया। भाजपा ने शिंदे से कहा होगा हमने आपको मुख्यमंत्री बनाया है और आपके विधायकों को करोड़ों दिए हैं। उसके बदले में आप हमें महाराष्ट्र की तिजोरी की चाबी हमारे में हाथ में दें।

राज ठाकरे के लिए शिवसेना ने कही ये बात
महाराष्ट्र से गुजरात में सौदा कैसे हुआ इसकी उचित जांच की राज ठाकरे की मांग का जिक्र करते हुए शिवसेना ने कहा कि यह अच्छा है कि उन्होंने चिंता व्यक्त की। लेकिन बता दें कि इसके अपराधी तो 'उनके दोस्त' भाजपा वाले ही हैं। संपादकीय में लिखा गया है कि महाराष्ट्र के विकास के सभी इंजन अब गुजरात की ओर रुख करेंगे। संपादकीय में यह भी दावा किया गया है कि राज्य के विकास को रोकने के लिए शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया है।

शिंदे ने जो चाहा उन्हें मिला, लेकिन युवाओं से रोजगार छीन लिया गया
संपादकीय में लिखा गया है कि शिंदे सूरत और गुवाहाटी में अपने विधायकों आश्वस्त कर रहे थे कि डरने की कोई बात नहीं है। अब हमारे पास एक बड़ी शक्ति है जो हमारा समर्थन कर रही है। हम जो चाहते हैं, वह हमें मिलेगा। शाबाश शिंदे! आपको जो चाहिए था, वह मिल गया है, लेकिन महाराष्ट्र के युवाओं से रोजगार का अवसर छीन लिया गया। आपको बता दें कि 'सामना' का यह मजबूत संपादकीय वेदांत-फॉक्सकॉन सौदे पर विवाद के बीच आया है।

आदित्य ठाकरे ने शिंदे पर बुधवार को बोला था हमला
इस पूरे मामले को लेकर बुधवार को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने हमला बोला था। उन्होंने कहा कि वेदांता-फॉक्सकॉन सौदे के बाद ड्रग पार्क परियोजना आंध्र प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के बजाय गुजरात में लगाया जाएगा। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने न केवल हमारे 40 विधायकों को छीना, बल्कि महाराष्ट्र की बड़ी परियोजनाओं को भी गुजरात को दे दिया। ऐसे में महाराष्ट्र को 2 लाख करोड़ का नुकसान होगा और यहां से 1 लाख रोजगार के अवसर कम हो जाएंगे। आखिर इसका जिम्मेदारा कौन होगा?

वेदांता के अध्यक्ष के बयान पर भी आदित्य ने दिया जवाब
बीते दिनों वेदांता के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने स्पष्ट किया था कि प्रोजेक्ट के लिए गुजरात का चुनाव कुछ महीने पहले स्वतंत्र रूप से किया गया था। इसको लेकर आदित्य ठाकरे ने कहा कि दो अलग-अलग परियोजनाओं के बीच भ्रम पैदा करने के लिए कुछ संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। फॉक्सकॉन डील पर पहले की सरकार के तहत हस्ताक्षर किए गए थे, लेकिन वेदांत-फॉक्सकॉन की शुरुआत 2022 में हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications