सलमान खान के घर पर फायरिंग मामला: सभी आरोपियों पर लगा मकोका
अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) के आवास के बाहर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक और बड़ा एक्शन लिया है। मुंबई पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) की धाराएं लगा दी हैं।
मुंबई पुलिस गुजरात के साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को अपने हिरासत में लेने की प्रयास में जुटी है। जिसके बाद मामले में पूछताछ में तेजी आएगी। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने लॉरेंस के छोटे भाई अनमोल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।

दरअसल, सलमान खान के घर पर गोलीबारी के बाद उसने इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी, वो इस वक्त अमेरिका में है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, अनमोल बिश्नोई ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी और जांच में भी उसकी संलिप्तता सामने आयी, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने 'लुकआउट सर्कुलर' जारी किया। पुलिस ने बताया कि अनमोल और लॉरेंस बिश्नोई को इस मामले में वांछित आरोपी के रूप में नामजद किया गया है। अनमोल कनाडा में रहता है तथा अमेरिका आता-जाता है, जिस फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उसने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी, उसका आईपी पता पुर्तगाल का निकला।
पुलिस के बयान के मुताबिक, हमलावर विकी गुप्ता (24) एवं सागर पाल (21) को सोनू कुमार सुभाष चंदर बिश्नोई (37) और अनुज तपन (32) के साथ गिरफ्तार किया गया था। मामले में आरोपी विकी गुप्ता और सागर पाल बिहार के निवासी हैं, उन्हें सलमान के घर पर फायरिंग के लिए 15 मार्च को सोनू बिश्नोई एवं अनुज तपन ने दो देसी पिस्तौल एवं कारतूस उपलब्ध कराई थी। मामले में सभी आरोपियों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए MCOCA यानी महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (Maharashtra Control of Organised Crime Act) के तहत कार्रवाई की है।












Click it and Unblock the Notifications