'गांधी गोडसे: एक युद्ध' के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी को जान का खतरा, पुलिस से मांगी सुरक्षा
'गांधी गोडसे: एक युद्ध' के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी को जान का खतरा सता रहा है, जिसके बाद उन्होंने लेटर लिखकर मुंबई पुलिस से सुरक्षा मांगी है।

Film Director Rajkumar Santoshi Death Threats: बॉलीवुड की फिल्मों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले फिल्म 'पठान' और अब 'गांधी गोडसे: एक युद्ध' को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। ऐसे में 'गांधी गोडसे...' फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी को जान से मारने की फोन पर धमकी मिली है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा मांगी है।
राजकुमार संतोषी को जान का खतरा
राजकुमार संतोषी ने फिल्म के रिलीज होने से पहले अपनी जान को खतरा बताते हुए मुंबई पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। फिल्म 'गांधी गोडसे - एक युद्ध' के डायरेक्टर ने मुंबई के स्पेशल सीपी देवेन भारती को लेटर लिखकर अपने और अपने परिवार के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। क्योंकि मुंबई में प्रदर्शनकारियों के एक समूह द्वारा उनके और उनकी टीम द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को बाधित किया गया था।
प्रमोशन के दौरान हुआ हंगामा
आपको बता दें कि शुक्रवार को मुंबई में फिल्म के प्रमोशन के दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर हंगामा किया था और काले झंडे दिखाए गए थे। बवाल इतना बढ़ गया था कि मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा था। 'गांधी गोडसे: एक युद्ध' के जरिए राजकुमार संतोषी 9 साल बाद वापसी करने जा रहे हैं, लेकिन इससे पहले ही फिल्म को लेकर विवाद गहराया हुआ है।
पुलिस से मांगी सुरक्षा
23 जनवरी को पुलिस को लिखे लेटर में राजकुमार संतोषी ने कहा कि 20 जनवरी को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामे के बाद मुझे कई बार धमकियां मिलीं और फिल्म का प्रमोशन बंद करने को कहा गया। इन घटनाओं के बाद मैं काफी असुरक्षित महसूस कर रहा हूं। मुझे और मेरे परिवार पर गंभीर खतरा बना हुआ है। इसलिए मुझे और मेरे परिवार को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की जाए।












Click it and Unblock the Notifications