'सबूत है तो', राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों पर महाराष्ट्र डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने दी चुनौती
Maharashtra politics: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में वोटों की धांधली का आरोप एक बार फिर लगाया है। उन्होंने कहा भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलीभगत करके महाराष्ट्र चुनाव चुराया है। पहले महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि राहुल गांधी के दिगाम की चिप चोरी हो गई है। वहीं अब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी को इन आरोपों को लेकर चुनौती दी है।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने 'वोट चोरी' के आरोपों पर ठाणे में एक कार्यक्रम के दौरान प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों को 'बेबुनियाद' बताते हुए कहा कि ऐसे दावे करके उन्होंने महाराष्ट्र की जनता का अपमान किया है। "यदि राहुल गांधी के पास कोई सबूत है तो उन्हें अदालत या चुनाव आयोग का रुख करना चाहिए।"

बता दें, राहुल गांधी ने गुरुवार (7 अगस्त, 2025) को आरोप लगाया था कि भाजपा और भारतीय चुनाव आयोग के बीच 'मिलीभगत' के चलते चुनावों में 'बड़ा आपराधिक धोखाधड़ी' हुई है। उन्होंने पिछले साल कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विश्लेषण का हवाला दिया था।
एक दिन बाद, गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर लोगों से लोकसभा चुनाव 'चुराया' है, और कम से कम तीन राज्यों में 'वोट चोरी' हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणामों (पिछले साल) ने कांग्रेस के इस संदेह की पुष्टि की कि चुनाव 'चुराया' गया था।
एकनाथ शिंदे बोले- सारे निराधार आरोप हैं
इन आरोपों के बारे में पूछे जाने पर, शिंदे ने किसी का नाम लिए बिना, विपक्ष द्वारा सार्वजनिक रूप से 'बेतुके आरोप' लगाने की आलोचना की। उन्होंने कहा, "अगर उनके पास सबूत हैं, तो उन्हें अदालत या चुनाव आयोग जाना चाहिए। ऐसे निराधार दावे करके, उन्होंने महाराष्ट्र के उन नागरिकों का अपमान किया है, जिन्होंने महायुति (जिसमें भाजपा, शिवसेना और राकांपा शामिल हैं) को चुना, साथ ही हमारी बहनों, भाइयों, किसानों और राज्य के लोगों का भी।"
राहुल गांधी से चुनाव आयोग ने मांगे हैं सबूत
गौरतलब है कि राहुल गांधी द्वारा 'वोट चोरी' को "हमारे लोकतंत्र पर एक परमाणु बम" बताए जाने के तुरंत बाद, कर्नाटक और महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने उनसे उन मतदाताओं के नाम साझा करने को कहा था, जिनके बारे में उनका दावा था कि वे मतदाता सूची में 'गलत' थे। इसके साथ ही, चुनाव अधिकारियों को मामले में 'आवश्यक कार्यवाही' शुरू करने के लिए एक हस्ताक्षरित घोषणा पत्र भी मांगा गया था।
बता दें शुक्रवार (8 अगस्त, 2025) को चुनाव आयोग ने गांधी पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा निपटाए गए चुनावी अनियमितताओं के पुराने आरोपों को फिर से दोहराने का आरोप लगाया। आयोग ने कांग्रेस नेता से मतदाता सूची में गलत प्रविष्टियों के उनके दावों पर एक लिखित घोषणा प्रदान करने या माफी मांगने को कहा।












Click it and Unblock the Notifications