कोरोना की दूसरी लहर से बाहर आ गया है महाराष्ट्र? स्थिति में दिख रहा अच्छा सुधार
मुंबई, 3 अगस्त: देश में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं और कोविड की दोनों ही लहरों में राज्य के कई जिले बुरी तरह से कोरोना से प्रभावित रहे हैं। हालांकि अब महाराष्ट्र कोरोना की दूसरी लहर से पार पाता दिख रहा है। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड-19 महामारी को लेकर जो जानकारी दी है, उसमें महाराष्ट्र अब लाल रंग के चार्ट से बाहर आ गया है। देश के 44 जिलों में 10 फीसदी से ज्यादा साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट है, जिसमें महाराष्ट्र से कोई जिला नहीं है।

Recommended Video
राज्य में कोरोना के मामलों में लगातार कमी आ रही है। सिर्फ तीन जिलों, अहमदनगर, सोलापुर और बीड में ही कोरोना के मामलों में हाल के दिनों में तेजी दिखी है। महाराष्ट्र एक समय बहुत ज्यादा प्रभावित था। दूसरी लहर के दौरान मुंबई, ठाणे, नासिक, नागपुर, सोलापुर, रायगढ़ और सतारा सहित दस जिले देश में सबसे खराब स्थिति में थे। महाराष्ट्र में कोरोना के 63 लाख से ज्यादा मामले आए हैं, जिसमें अब 75 हजार एक्टिव केस हैं। इस समय केरल में सबसे ज्यादा एक लाख 75 हजार एक्टिव मामले हैं।
देश में कोरोना की स्थिति
देश में बीते छह दिनों से लगातार 40 हजार से ज्यादा कोरोना मामले सामने आ रहे थे, हालांकि आज नए कोरोना मामलों की संख्या कुछ घटी है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटे में पूरे देश में 30 हजार नए मामले पाए गए हैं और 422 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इसके बाद देश में महामारी के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 3 करोड़ 17 लाख 26 हजार 507 हो गई है। वहीं, संक्रमण से 422 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4 लाख 25 हजार 195 हो गई है। एक्टिव मामलों की संख्या भी घटकर 4 लाख पर आ गई है।












Click it and Unblock the Notifications