मुंबई: प्रवासी मजदूरों पर लॉकडाउन का खौफ, इस बार पहले ही लौटने लगे घर
मुंबई। महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण के केस के बाद लॉकडाउन की आशंका से प्रवासी मजदूर खौफ में हैं। पिछली साल लॉकडाउन की खौफनाक यादों का असर है कि इस बार लॉकडाउन की आशंका होते ही प्रवासी मजदूरों अपने घरों की तरफ लौटने लगे हैं। मुंबई के स्टेशनों पर ऐसे मजदूरों की संख्या अचानक से बढ़ने लगी है।

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में ऐसे ही एक प्रवासी मजदूर ने कहा "हम डरे हुए हैं कि एक और लॉकडाउन लगने वाला है। पिछली बार हमारे पास पैसे खत्म हो गए थे, हमारे परिवार के लोग चिंतित हैं। हमारी आमदनी पर भी असर पड़ा है। यही वजह है कि हम वापस जा रहे हैं।"
पैदल घर पहुंचे थे मजदूर
पिछले साल मार्च में देशव्यापी लॉकडाउन के बाद मुंबई में प्रवासी मजदूरों को बहुत मुश्किल का सामना करना पड़ा था। मजदूरों के पास पैसा खत्म हो गया था और उन्हें खाने की समस्या से भी जूझना पड़ा था। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश से जाकर मुंबई की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले हजारों मजदूर जब बेहाल हुए तो परिवार समेत पैदल ही सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने घरों के लिए निकल पड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications