पुणे: नवरात्रि पर 'सेक्स तंत्र' शिविर आयोजित करने जा रहे शख्स पर FIR, 15 हजार ले रहा था फीस
पुणे, 17 सितंबर: कुछ ही दिनों बाद पूरे देश में नवरात्रि का त्योहार मनाया जाएगा। उससे पहले पुणे में सत्यम शिवम सुंदरम फाउंडेशन ने 'सेक्स तंत्र' नाम से एक कैंप आयोजित करने का ऐलान किया। ये कैंप 3 दिन और 2 रात का था, जिसे नवरात्रि स्पेशल कैंप नाम दिया गया। इसका विज्ञापन भी कई सोशल नेटवर्किंग साइटों पर डाला गया, जिस पर विवाद हो गया। अब पुणे पुलिस ने इस विवादास्पद विज्ञापन को साझा करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है।

विज्ञापन के मुताबिक संगठन ने नवरात्रि के मौके पर सेक्स ट्रेनिंग के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया था। इस कैंप के लिए 15 हजार का शुल्क था, जो एक से तीन अक्टूबर तक चलता। इसमें विशेष यौन टेक्निक की ट्रेनिंग दिए जाने की बात कही गई। इस पर पुणे पुलिस ने संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी रवि सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुणे पुलिस के मुताबिक रवि सिंह के खिलाफ सोशल पर एक विज्ञापन पोस्ट करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें अश्लील तस्वीरें हैं। जांच करने पर पता चला कि उसे सत्यम शिवम सुंदरम फाउंडेशन की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जो उत्तर प्रदेश में रजिस्टर संस्था है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रवि के खिलाफ आईपीसी की धारा 292 और आईटी एक्ट की 67 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि मामले की जांच पुणे पुलिस की साइबर यूनिट करेगी। इसके अलावा विरोध को देखते हुए कैंप को भी रद्द कर दिया गया है।
हिंदू संगठनों ने जताई थी आपत्ति
इस कैंप पर हिंदू महासंघ और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि एक विकृत खेमा नवरात्रि के नाम पर अश्लीलता फैला रहा है। ये हिंदुओं और उनके देवताओं का अपमान है। ऐसे में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications