'अजित दादा ने संयम नहीं बरता', सीएम देवेंद्र फडणवीस ने क्यों डिप्टी सीएम के लिए बोली ये बात?
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री अजित पवार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधने को लेकर नाराज़गी जताई है। पुणे में महानगरपालिका चुनाव प्रचार के दौरान पवार ने भाजपा की आलोचना की, जिस पर फडणवीस ने कहा कि उन्हें संयम बरतना चाहिए था। गौरतलब है कि अजित पवार की पार्टी सत्ताधारी महायुति का हिस्सा है, फिर भी वे पुणे और पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम चुनावों से पहले स्थानीय शासन के मुद्दे पर लगातार भाजपा पर हमला बोल रहे हैं।

एक मराठी टीवी चैनल से बात करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मेरे पास बहुत सब्र है और यह टूटेगा नहीं। हमने तय किया था कि सहयोगी होने के नाते हम एक-दूसरे के खिलाफ नहीं बोलेंगे, लेकिन अजित दादा ने संयम नहीं बरता। पुणे में आलोचनात्मक टिप्पणी करना उन्हें शोभा नहीं देता।"
उन्होंने यह कहा, कि मैंने अपने सहयोगियों या किसी और के खिलाफ कुछ नहीं कहा है, और मुंबई लौटने पर इस संबंध में और जवाब देंगे।
चाचा शरद पवार के साथ अजित ने किया गठबंधन
अजित पवार ने पुणे जिले की दो महानगरपालिकाओं के चुनाव के लिए अपने चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के साथ गठबंधन किया है। इस गठबंधन के बावजूद, अजित पवार पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में भाजपा के स्थानीय नेतृत्व पर लगातार हमलावर रहे हैं।
पवार ने भाजपा के स्थानीय नेतृत्व पर आरोप लगाया कि पिछले आठ-नौ वर्षों में भारी खर्च के बावजूद, दूरदर्शिता की कमी ने दोनों नगर निकायों को संकट में धकेल दिया है। अजित पवार और सुप्रिया सुले के दलों द्वारा जारी संयुक्त घोषणापत्र में पुणे में स्वास्थ्य सेवा सुधारने, यातायात में राहत, जल आपूर्ति, और किफायती सार्वजनिक परिवहन (जैसे मुफ्त मेट्रो यात्रा व महानगरपालिका बस सेवाएं) को बढ़ावा देने का वादा किया गया है।
राज्यभर के 29 नगर निगमों, जिनमें पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ भी शामिल हैं, के चुनाव 15 जनवरी को होने हैं। वोटों की गिनती अगले दिन, यानी 16 जनवरी को की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications