मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट पर दिलचस्प हुई जंग, कसाब को फांसी दिलाने वाले निकम को टक्कर देंगे पूर्व पुलिस कमिश्नर
महाराष्ट्र में इंडिया गठबंधन और महायुति दोनों ने ही मुंबई उत्तर मध्य सीट से अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उज्ज्वल निकम को अपने लोकसभा उम्मीदवार के रूप में यहां से मैदान में उतारा है। कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ से उनका मुकाबला होगा।
बीजेपी ने सिटिंग सांसद पूनम महाजन का टिकट काट कर उज्जवल निकम को चुनावी मैदान में उतारा है। दिवंगत बीजेपी नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन इस सीट से दो बार की सांसद हैं। वहीं, उज्ज्वल निकम 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मामले में सरकारी वकील थे।

उज्ज्वल निकम 26/11 मुंबई हमले के पाकिस्तान के आतंकी अजमल कसाब को फांसी दिलाने के अलावा 1993 में हुए बम ब्लास्ट, गुलशन कुमार मर्डर केस समेत कई हाई प्रोफाइल मामलों में सरकारी पक्ष की पैरवी कर चुके हैं।
37 दोषियों को फांसी दिला चुके निकम
उज्ज्वल निकम का जन्म महाराष्ट्र के जलगांव में रहने वाले एक मराठी परिवार में हुआ। उनके पिता पेशे से एक जज थे। निकम ने जलगांव के एसएस मनियार लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की है। उज्जवल निकम अपने 30 साल के करियर में 628 कैदियों को उम्रकैद की सजा दिला चुके हैं और 37 दोषियों को फांसी की सजा दिला चुके हैं।
कौन हैं वर्षा गायकवाड़?
कांग्रेस ने पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड़ को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से उम्मीदवार बनाया है। वर्षा मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष भी हैं। वर्षा गायकवाड़ मुंबई के धारावी विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रही हैं और मौजूदा वक्त में भी अपने पद पर हैं। उन्होंने मुंबई दक्षिण-मध्य सीट से चुनाव लड़ने में अपनी ख्वाहिश जाहिर की थी, जो पहले उनके दिवंगत पिता एकनाथ गायकवाड़ के पास थी।
संजय पांडे भी लड़ सकते हैं चुनाव
इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर संजय पांडे भी लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं। संजय पांडे निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का मूड बना रहे हैं। उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने के लिए मुंबई की उत्तर मध्य लोकसभा सीट चुनी है।
मुंबई नॉर्थ सीट पर किसका दबदबा?
मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से पर कभी किसी पार्टी का दबदबा नहीं रहा है। यहां से कभी बीजेपी जीती तो कभी कांग्रेस को सफलता मिली। इसके अलावा क्षेत्रीय दलों को भी यहां से जीत मिली है। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में इस सीट से पूनम महाजन ने बाजी मारी। उन्होंने कांग्रेस की प्रिया दत्त को लगाता दूसरी बार हराया था।
मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट पर दो बार चुनाव हार चुकी संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त ने 2009 में भाजपा के महेश राम जेठमलानी को हराया था। 2004 में इस सीट पर कांग्रेस के एकनाथ गायकवाड़, 1999 में शिवसेना के मनोहर जोशी तो 1998 में आरपीआई के रामदास अठावले को जीत मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications