Baramati Training Plane Crash: कैसे क्रैश हुआ ट्रेनर एयरक्राफ्ट? Ajit Pawar की मौत के 7 माह बाद एक और हादसा
Baramati Training Plane Crash: पुणे के बारामती एयरपोर्ट पर रविवार (9 अगस्त 2026) दोपहर एक प्राइवेट कंपनी के ट्रेनर एयरक्राफ्ट की क्रैश लैंडिंग हो गई। घटना करीब 12:35 बजे एयरपोर्ट कॉम्प्लेक्स में हुई, जो रनवे से थोड़ी दूरी पर है। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और विमान को केवल मामूली नुकसान पहुंचा।
खास बात यह है कि यह घटना महाराष्ट्र में विमानन सुरक्षा को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आई है। करीब 7 महीने पहले 28 जनवरी में इसी एयरपोर्ट के पास एक और विमान दुर्घटना हुई थी। इसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित 5 लोगों की मौत हो गई थी। मई में भी यहां एक ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश हो चुका है। तीन घटनाओं के बाद बारामती एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और अपग्रेडेशन की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Baramati Training Plane Crash Reason: क्या पता चला है?
प्राइवेट कंपनी का यह ट्रेनर एयरक्राफ्ट प्रशिक्षण उड़ान के दौरान क्रैश लैंडिंग कर गया। एयरपोर्ट परिसर में रनवे के नजदीक हुई इस घटना में विमान को मामूली नुकसान हुआ, लेकिन कोई चोटिल या हताहत नहीं हुआ। फिलहाल स्थानीय अधिकारियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित बताया है। तकनीकी जांच अभी शुरू होनी है।
ट्रेनर एयरक्राफ्ट आमतौर पर पायलट प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल होते हैं। इनमें अक्सर एक या दो लोग सवार होते हैं। आज की घटना में कोई हताहत न होना राहत की बात है, लेकिन बार-बार हो रहे हादसों ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार समेत पांच की मौत
28 जनवरी को बारामती एयरपोर्ट के पास एक लियरजेट 45 विमान क्रैश हो गया था। वीएसआर वेंचर्स का यह विमान अपनी दूसरी लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इसमें सवार थे 66 वर्षीय एनसीपी नेता और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर, एक अटेंडेंट तथा कॉकपिट क्रू, पायलट-इन-कमांड सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शांभवी पाठक... सभी पांचों की मौत हो गई।
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में कुछ महत्वपूर्ण बातें कही थीं। रिपोर्ट के अनुसार, क्रैश के समय विजिबिलिटी जरूरी स्तर से कम थी। रनवे पर धुंधले निशान और सतह पर ढीली बजरी पाई गई। एएआईबी ने नियामक डीजीसीए को सुझाव दिया था कि अनकंट्रोल्ड एयरफील्ड्स पर सुरक्षा मानक सुनिश्चित किए जाएं। अंतिम रिपोर्ट अगले साल जनवरी तक आने की उम्मीद है।
13 मई 2026: ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश
आपको बता दें कि, 13 मई को बारामती में एक और प्राइवेट ट्रेनर एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ट्रेनी पायलट अकेले विमान में थे। हादसा बारामती एयरस्ट्रिप इलाके के पास गोजुबावी गांव के नजदीक हुआ। किसी को गंभीर चोट नहीं आई और पायलट सुरक्षित बच गए। अधिकारियों के अनुसार, गवाहों से मिली प्रारंभिक जानकारी यह बताती है कि विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। तभी तकनीकी खराबी आ गई। क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकराया और फिर जमीन पर गिर गया। आज की घटना इन दोनों हादसों के बाद तीसरी प्रमुख घटना है। तीनों मामलों में जगह एक ही है 'बारामती'। इससे एयरपोर्ट की मौजूदा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
बारामती एयरपोर्ट को अपग्रेड करने की योजना
इन घटनाओं के बीच प्रशासन ने बारामती एयरपोर्ट को अपग्रेड करने की तैयारी शुरू कर दी है। योजना के मुताबिक, उड़ानों को सही तरीके से गाइड और मैनेज करने के लिए एक स्वतंत्र एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर बनाया जाएगा।
रनवे को भी बड़ा किया जाएगा। रात के समय सुरक्षित टेक-ऑफ और लैंडिंग के लिए विशेष सिस्टम लगाए जाएंगे। आपात स्थितियों से निपटने के लिए एक खास फायर स्टेशन और मजबूत सिक्योरिटी दीवार का निर्माण भी प्रस्तावित है।


Click it and Unblock the Notifications
