Axis My India Maharashtra Exit Poll: महायुति की आंधी में ढह गए MVA के सारे किले, गढ़ में भी नहीं बची लाज!
Axis My India Maharashtra Exit Poll 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के सिलसिले में गुरुवार को जो एक सबसे नया एग्जिट पोल आया है, उसमें राज्य में सत्ताधारी गठबंधन महायुति की आंधी बताई गई है। यह ऐसा सर्वे है, जिसमें चुनाव के हर क्षेत्र में भाजपा की अगुवाई वाला गठबंधन महायुति, कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन महा विकास अघाड़ी पर भारी पड़ा है और उसकी अपने गढ़ में भी लाज नहीं बच पाई है।
इस एग्जिट पोल के अनुमानों के हिसाब से महाराष्ट्र की 288 सीटों में से महायुति को 178 से 200 सीटें (48% वोट शेयर) मिल सकती हैं। वहीं महा विकास अघाड़ी (MVA) को 82 से लेकर 102 सीटें (37% वोट शेयर) मिल सकती हैं। जबकि अन्य के खाते में 6 से 12 सीटें (12% वोट शेयर)आ सकती हैं।

एमवीए के लिए सबसे बुरा अनुमान यह है कि राज्य के सभी 6 क्षेत्रों में महायुति उसपर भारी पड़ा है। हम यहां सभी क्षेत्रों के अनुमानों का विश्लेषण कर रहे हैं-
विदर्भ- 62 सीट
इस एग्जिट पोल के अनुमानों से लगता है कि भाजपा ने विदर्भ में लोकसभा चुनावों का बदला कांग्रेस से ले लिया है। यहां की 62 सीटों में से महायुति को 39 सीटें मिलने का अनुमान है और एमवीए को सिर्फ 20 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य के खाते में 3 सीटें जा सकती हैं।
उत्तर महाराष्ट्र- 47 सीट
लगता है कि उत्तर महाराष्ट्र में भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखा है, जिसके चलते महायुति यहां की अधिकतर सीटें जीत रहा है। उसे 38 सीटें मिल सकती हैं और एमवीए को सिर्फ 7 से ही संतोष करना पड़ सकता है। अन्य को 2 सीटें मिलने का अनुमान है।
मराठवाड़ा- 46 सीट
मराठवाड़ा ऐसा क्षेत्र है, जिसको लेकर इस बार आशंका थी कि महायुति को बड़ा नुकसान हो सकता है। लेकिन, गठबंधन यहां भी 30 सीटों पर बढ़त हासिल कर सकता है और एमवीए सिर्फ 15 सीटों पर अटक सकता है। यह मराठा आंदोलन का केंद्र है। इस अनुमान से लगता है कि मनोज जारांगे का कार्ड नहीं चला है और भाजपा मैनेज करने में सफल रही है। एक सीट अन्य को भी मिल सकती है।
कोंकण और ठाणे- 39 सीट
यहां महायुति 24 और एमवीए 13 सीटें जीत सकता है। वहीं अन्य को 2 सीटें मिल सकती हैं। इसमें ठाणे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का इलाका है और कोंकण में भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे का क्षेत्र है।
मुंबई- 36 सीट
जहां तक मायानगरी मुंबई की बात है तो यहां भी उद्धव ठाकरे और उनकी शिवसेना-यूबीटी की दाल फीकी पड़ती नजर आ रही है। यहां की 36 सीटों में से महायुति 22 पर और एमवीए 14 सीटों पर जीत सकता है। अन्य का खाता भी नहीं खुलता दिख रहा है।
पश्चिम महाराष्ट्र- 58 सीट
पश्चिम महाराष्ट्र को खासकर एनसीपी संस्थापक शरद पवार का गढ़ माना जाता है। लेकिन, यहां भी महा विकास अघाड़ी अपनी लाज नहीं बचा सकी है। महायुति को 36 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि एमवीए सिर्फ 21 सीटों पर सिमट रहा है। 1 सीट अन्य को मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications