महाराष्ट्र: विधानसभा सत्र से ठीक पहले 10 मिले कोरोना पॉजिटिव, 8 पुलिसकर्मी
मुंबई, 22 दिसंबर: महाराष्ट्र में विधानसभा के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले कोरोना का संकट बढ़ गया है। सत्र से पहले किए गए विधानसभा के कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के आरटी-पीसीआर टेस्ट में 10 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 8 पुलिसकर्मी हैं। वहीं दो विधानमंडल के कर्मचारी हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि करीब 3,500 सैंपल टेस्ट किए गए थे। जिसमें 10 लोग संक्रमित मिले हैं।
Recommended Video

ओमिक्रॉन की भी होगी जांच!
जानकरी के मुताबिक, ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए इन सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जा सकती है ताकि ओमिक्रॉन का पता चल सके। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के 65 मामले मिल चुके हैं। वहीं देश में ओमिक्रॉन के 200 से ज्यादा केस अब तक सामने आये हैं। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों को कहा है कि ओमिक्रॉन कोरोना के पुराने वैरिएंट डेल्टा के मुकाबले 3 गुना तेजी से फैलता है। इसलिए जरूरी उपाय अपनाना शुरू कर दें। केंद्र ने राज्यों को ओमिक्रॉन से निपटने के लिए वॉर रूम एक्टिव करने को कहा है।
देश में आज 6 हजार से ज्यादा नए मामले
देश में कोरोना की स्थिति की बात करें तो बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 6,317 नए मामले आए, 6,906 रिकवरी हुईं और 318 लोगों की कोरोना से मौत हुई। देश में अब कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 78,190 हैं जो कि 575 दिनों में सबसे कम हैं। वहीं ओमिक्रोन मामलों की संख्या 213 है। देश में अब तक कोरोना संक्रमण से हुई कुल मौतों का आंकड़ा 4,78,007 है। देश में अब तक 1,38,34,78,181 लोगों को कोरोना का टीका दिया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications