Indian Railway: सात नए स्टेशनों से आसान होगी नेपाल व बिहार की राह, आर्थिक विकास को मिलेगी गति
Railway Update Maharajganj: भारतीय रेल देशवासियों को व्यापक स्तर पर यात्रा की सुविधा उपलब्ध करता है। इसी क्रम में महराजगंज में कई नए स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। रेल मंत्रालय की नई योजना के तहत महराजगंज को जिला मुख्यालय से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके तहत सात नए स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए बजट भी स्वीकृत हो चुका है।
बिहार-दिल्ली की अधिकांश ट्रेनों का होगा यह रुट रेल मंत्रालय की इस खास योजना के तहत महराजगंज के घुघली स्टेशन से जिला मुख्यालय जोड़ते हुए फरेंदा तक 52.7 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। यह क्षेत्र भारत नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप हैं। इसके साथ ही बिहार से सटे है। ऐसे में इस क्षेत्र में रेल सेवा का विस्तार करने से दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

आयात-निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
इस रुट से बिहार के रक्सौल, नरकटियागंज और नेपाल के लिए मालागाड़ी से सामान का आयात व निर्यात आसान होगा। इससे इन क्षेत्रों में आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
बोले सीपीआरओ
मुख्य जनसपंर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस नई रेल लाइन के निर्माण से हिमालय के तराई क्षेत्र में स्थित महराजगंज जनपद का विकास होगा तथा कृषि बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण लघु कृषि उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। यह रेल लाइन महराजगंज जो कि जिला मुख्यालय है को भी जोड़ेगी। वर्तमान में नेपाल सीमा से जुड़ा महराजगंज नगर रेल हेड से जुड़ा नहीं है। इस लाइन के बन जाने से उत्तर भारत से आने वाली ट्रेनों को बाल्मिकीनगर एवं रक्सौल होते हुए पूर्वोत्तर के राज्यों को एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा तथा गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पर यातायात का दबाव कम होगा। ब्राड गेज की यह नई रेल लाइन विद्युतीकृत लाइन होगी।
इस तरह व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
महराजगंज व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला बनने के बाद से कई दशकों से महराजगंज स्टेशन से नहीं जुड़ा था। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के प्रयासों से इस जिले को बड़ी सौगात मिलेगी। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। जो वस्तुएं ट्रक के माध्यम से यहां पहुंचती थीं अब वह ट्रेन से आएंगी। जिससे ढुलाई कम लगेगी। इस वजह से सामान कम कीमत पर सभी को मिल सकेगी। इसके साथ ही स्टेशन से जुड़ने की पहल होने पर महराजगंज में कई नई फैक्ट्रीयां आ चुकी हैं। जिससे पूरे क्षेत्र का विकास होगा।
ये होंगे स्टेशन योजना के मुताबिक इस रूट पर आनंदनगर, महराजगंज और घुघली क्राॅसिंग स्टेशन होंगे, जबकि चार हॉल्ट स्टेशन भी बनाए जाएंगे। इस रेल मार्ग पर कुल 9 बड़े एवं 14 छोटे पुल बनाए जाएंगे। रेल लाइन के निर्माण के लिये 191.059 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू की जाएगी।
ये आएगा खर्च
रेल लाइन के सिविल कार्य के लिए 875.30 करोड़ रुपये, सिग्नल व टेलीकॉम कार्य के लिए 18.17 करोड़ और इलेक्ट्रिकल कार्यों के लिए 64.26 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इस पर कुल 958.27 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है। इस मार्ग से अगर ट्रेनें चलाई जाएंगी तो 42 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications