MP News: महेश्वर में इंदौर के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, नर्मदा नदी में स्नान करते वक्त डूबे
MP Accident News: इंदौर से महेश्वर घूमने गए एक परिवार के साथ बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, नर्मदा नदी में स्नान करने गए परिवार के तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। इंदौर के रहने वाले इस परिवार के पांच लोग महेश्वर में घूमने गए थे।
इंदौर के अरविंदो सांवेर रोड ई-सेक्टर निवासी राजपूत परिवार के पांच लोग महेश्वर की यात्रा पर आए थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे, यह परिवार महेश्वर के एकांत मंडाल खोर घाट पर नर्मदा स्नान के लिए गया था।

नर्मदा स्नान के दौरान, 18 वर्षीय विक्रम राजपूत अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। विक्रम को डूबता देख उसकी मां, 45 वर्षीय उर्मिला राजपूत और उसकी बहन, 25 वर्षीय मोहिनी ने उसे बचाने की कोशिश की। वे तीनों गहरे पानी में पहुंच गए, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण उनकी जान चली गई।
घाट पर ऊंचाई पर बैठे बड़े भाई, 22 वर्षीय अमन राजपूत ने जब मां और बहन के शव पानी में तैरते देखे, तो उसने तुरंत गोताखोरों को सूचित किया। गोताखोरों ने मां और बहन के शव को पानी से निकाल लिया, लेकिन विक्रम का शव अभी भी खोजा जा रहा है।
मोहिनी की डेढ़ माह का एक बेटा भी है, जो अब अपनी मां के बिना रह जाएगा। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।












Click it and Unblock the Notifications