Bhopal News: भोपाल में रहस्यमयी मौत का मामला, सेक्स रैकेट, किन्नर और 3 करोड़ की दहेज मांग में उलझी गुत्थी
MP News: राजधानी में महिला डॉक्टर की रहस्यमयी मौत ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को अपने घर में संदिग्ध हालत में मृत मिली महिला डॉक्टर का शनिवार को भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। जहां गमगीन माहौल में परिजनों और रिश्तेदारों ने उसे अंतिम विदाई दी।
पुलिस अभी इस मामले को आत्महत्या मान रही है, लेकिन परिजन इसे साजिशन हत्या बता रहे हैं और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए यह मामला और उलझ गया है।

पुलिस सुसाइड मानकर कर रही जांच, परिजनों का हत्या का आरोप
भोपाल एमपी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला डॉक्टर की मौत के मामले में पुलिस टीआई लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा। वहीं, मृतका के पिता विनोद चंद्र पांडे का दावा है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।
मृतका रिचा के पिता विनोद चंद्र पांडे ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का पति अभिजीत अपने क्लीनिक में सेक्स रैकेट चलाता था और उसी के चलते रिचा काफी समय से तनाव में थी। परिवार के मुताबिक, रिचा ने अपने पति के आचरण को लेकर गंभीर जानकारियां जुटा ली थीं, लेकिन परिवार में विवाद न हो, इसलिए वह चुप रही।
क्लीनिक में आते थे संदिग्ध लोग और किन्नर
रिचा के पिता का कहना है कि अभिजीत के क्लीनिक में आमतौर पर सामान्य पेशेंट कम और किन्नर समुदाय के लोग ज्यादा आते थे। इस वजह से रिचा को पति की गतिविधियों पर पहले से ही शक हो गया था। उन्होंने बताया कि अभिजीत न तो घर-परिवार में घुलता-मिलता था और न ही सामान्य मरीजों में उसकी ज्यादा रुचि थी। वह अकसर अपने क्लीनिक में देर तक रहता और कई बार बिन बताए कई दिनों तक गायब भी हो जाता था।
अंतिम बातचीत में बताया था दवा का नाम
पिता विनोद चंद्र पांडे ने बताया कि गुरुवार रात 11:15 बजे बेटी रिचा से आखिरी बार बातचीत हुई थी। रिचा ने पेट दर्द की शिकायत पर उन्हें एक दवा का नाम बताया और कहा कि इससे आराम मिलेगा। इसके बाद रिचा के पति अभिजीत ने भी फोन पर बात कर कुछ घरेलू नुस्खे बताए थे। लेकिन करीब एक घंटे बाद रिचा ने अपने बेटे हिमांशु के मोबाइल पर एक मैसेज किया, जिसमें उसने सिर्फ एक पासवर्ड (PIN Code) भेजा था।
मौत के बाद पासवर्ड का राज खुला
अगले दिन रिचा की मौत की सूचना मिलने के बाद ही परिजनों को समझ आया कि वह पासवर्ड रिचा के मोबाइल का था। अब परिजन यह मान रहे हैं कि रिचा शायद अपने फोन में कुछ अहम सबूत या जानकारी सुरक्षित कर गई थी, जो अब इस मामले की जांच में अहम कड़ी बन सकती है।
दहेज में तीन करोड़ की मांग और प्रताड़ना
रिचा के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि दामाद अभिजीत दहेज के रूप में तीन करोड़ रुपए की मांग कर रहा था। उसने कहा कि अभिजीत अक्सर घर देर से लौटता और रिचा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसके अलावा कई बार बिना बताए शहर से बाहर गायब हो जाता था। रिचा ने जब पति के व्यवहार की जांच-पड़ताल की तो उसके सेक्स रैकेट से जुड़े होने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
चुप रही ताकि परिवार परेशान न हो
रिचा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी यह सब सहती रही, क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि उम्रदराज माता-पिता इस तनाव में पड़ें। उन्होंने कहा, "रिचा हमसे बहुत कुछ नहीं कहती थी। लेकिन अब उसकी मौत के बाद कई बातें सामने आ रही हैं। हमने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।"
पुलिस के लिए चुनौती बनता मामला
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। रिचा की मौत रहस्यमयी हालात में हुई है और पासवर्ड के खुलासे के बाद पुलिस रिचा का मोबाइल डेटा खंगालने में जुटी है। संभावना जताई जा रही है कि मोबाइल में रिचा ने पति की गतिविधियों से जुड़े कई सबूत या दस्तावेज सहेजकर रखे हो सकते हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications