MP News: रमजान के बाद जिला स्तर पर सूफी संवाद करेगी बीजेपी, अंबेडकर जयंती तक चलेगा "श्री अन्न" कार्यक्रम
एमपी में चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा हर वर्ग तक अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गई है। इसी क्रम में अंबेडकर जयंती तक जिला स्तर पर किसान सम्मेलन किए जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी में भाजपा जुट गई है। हर वर्ग तक अपनी पकड़ मजबूत करने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी क्रम में अंबेडकर जयंती तक जिला स्तर पर किसान सम्मेलन किए जा रहे हैं। जिसमें किसानों को 'श्री अन्न' के फायदे बताकर खेती के लिए प्रोत्साहित करेंगे, वही ईद के बाद भाजपा मुस्लिम वोटर्स तक पहुंच बढ़ाने के लिए सूफी संवाद महादान चलाएगी। इसके तहत मंत्री नेता कव्वाली सुनने दरगाह जाएंगे।
बीजेपी अपनी नीतियों के प्रचार के लिए दरगाह को बनाएगी माध्यम
एमपी बीजेपी चुनाव से पहले हर वर्ग तक पहुंचने की कोशिश कर रही है इसी क्रम में भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा मुस्लिम वोटरों तक पहुंच बढ़ाने के लिए सूफी संवाद महा अभियान चलाएगा। इसके तहत बीजेपी के मुस्लिम नेता प्रदेशों के मंत्री, केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री ईद के बाद कव्वाली सुनने दरगाह जाएंगे और कव्वालियों के जरिए पीएम मोदी और बीजेपी की नीतियों का प्रचार किया जाएगा।
योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के मुसलमानों को दिया जा रहा: BJP
सूफी दरगाह को मानने वाले मुसलमानों को समझाया जाएगा कि बीजेपी सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के मुसलमानों को दिया जा रहा है सभी राज्यों के अल्पसंख्यक मोर्चा के सभी पदाधिकारियों से सूफी दरगाहों और उनके खादिमों की सूची मंगाई गई है। इस अभियान के अलावा बीजेपी ने कई और पहल की है जिसके जरिए बीजेपी यह संदेश देना चाहती है कि मुसलमान भी उसके केंद्र में हैं।
सूफी संवाद करने के लिए कार्यक्रम तय
मध्य प्रदेश बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के रफत वारसी ने बताया की पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सूफी संवाद करने के लिए कार्यक्रम तय किए है। इसके लिए मध्यप्रदेश में रमजान के बाद कार्यक्रम करेंगे। पहले जिला स्तर पर और फिर राज्य स्तर पर सूफी संवाद के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जा रही है।
एक देश- एक DNA, स्नेह सम्मेलन
बीजेपी इसके बाद मुस्लिम बहुल इलाकों में 'एक देश एक डीएनए' के नाम से स्नेह सम्मेलन शुरू करने जा रही है। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के बैनर तले होने वाले सम्मेलनों में कन्वर्टेड मुस्लिम जैसे मूला जाट, मुस्लिम गुर्जर, मुस्लिम राजपूत और मुस्लिम त्यागी के लोगों को शामिल किया जाएगा। सम्मेलन में बीजेपी के बड़े नेता हिंदू भी शामिल होंगे।
14 अप्रैल तक जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम
एमपी बीजेपी द्वारा 14 अप्रैल तक जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम करने के निर्देश जिला और मोर्चा पदाधिकारियों को दिए गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार रविवार को संगठन द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। जिसके चलते पार्टी नेताओं ने जिलों में साफ सफाई के लिए अभियान चलाया 11 अप्रैल को ज्योतिबा फुले की जयंती मनेगी, तो 14 अप्रैल को प्रदेश के सभी 65 हजार बूथों पर बीजेपी के बूथ पदाधिकारी व कार्यकर्ता इकट्ठा होंगे। बता दे बीजेपी की स्थापना दिवस से युवा मोर्चा द्वारा युवा चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। वहीं आज से किसान मोर्चा ने अंबेडकर जयंती तक जिला सम्मेलन करने का "श्री अन्न" कार्यक्रम शुरु कर दिया है।
प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा सक्रिय मोर्चा किसान मोर्चा है। प्राकृतिक कृषि को लेकर जन जागरण करने का कार्य मोर्चा के द्वारा किया जाना चाहिए। वहीं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने बताया कि सामाजिक न्याय समरसता सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत किसान मोर्चा प्रदेश के सभी मंडलों मे ग्रामीण स्तर पर पदयात्रा निकाल रहा है। शहरी क्षेत्र में श्री अन्न (मोटे अनाज) के जनजाग्रति पदयात्रा आज शुरू हो गई है।
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि देश की 62 प्रतिशत किसान आबादी है। गुर्जर ने कहा कि कृषि उपज मंडी या अन्य कृषि केंद्र पर जाकर भी हमारे इस अभियान को प्रचारित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रोडक्शन के बाद श्री अन्न (मोटे अनाज) बिक्री की व्यवस्था भी अगर किसान मोर्चा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी तो इससे प्रदेश के किसानों को जरूर लाभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान मोर्चा को राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के द्वारा सराहा जाता है।












Click it and Unblock the Notifications