सड़क पर मिला 7 लाख के जेवरों से भरा बैग 13 साल की रीना ने लौटाया, इस बेटी की ईमानदारी के कायल हुए सभी
सड़क पर मिला 7 लाख के जेवरों से भरा बैग 13 साल की रीना ने लौटाया, इस बेटी की ईमानदारी के कायल हुए सभी
रायसेन, 22 फरवरी: खबर मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से है। यहां एक 13 साल की बच्ची ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है, जिसके सब लोग कायल हो गए। दरअसल, रीना को सड़क पर एक बैग मिला था, जिसमें करीब सात लाख रुपए की कीमत के जेवरात थे। जेवरात से भरा बैग देखकर ना तो रीना का और ना उनके पिता का ईमान डगमगाया और दोनों थाने पहुंच गए। रीना ने पुलिस के सामने बैग उसके असली मालिक को सौंप दिया।
Recommended Video

रीना के पिता कमाते है 200 रुपए रोज
बैग मिलने के बाद पुलिस के साथ सभी ने रीना की तारीफ की और 51 हजार रुपये नकद देकर छात्रा का गुलदस्ते के साथ सम्मान किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रीना अहिरवार कक्षा 6 की छात्रा है और उसके पिता मंगल सिंह अहिरवार मजदूर है। मंगल सिंह अहिरवार मजदूरी करके 200 रुपए रोज कमाकर परिवार का पालन पोषण करते है। लेकिन उन्होंने जो संस्कार अपनी बेटी रीना को दिए, उसकी तारीफ अब सभी जगह हो रही है।

रीना को मिला 7 लाख के जेवरों से भरा बैग
उदयपुरा थाना प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि सिलारी की रहने वाले मंगल सिंह अहिरवार की बेटी रीना शनिवार को स्कूल से घर लौट रही थी। अनघोरा रोड पर उसे रास्ते में बैग मिला। इसमें सोने के जेवर थे। रीना ने उस स्थान पर बैग मालिक का इंतजार भी किया, जहां उसे बैग मिला था, लेकिन जब कोई नहीं आया तो बैग लेकर घर चली गई। देर रात पिता घर आए, तब बेटी ने उन्हें बैग के बारे में बताया। मंगल अगले दिन बेटी के साथ उदयपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. एमएल बड़कुर के पास पहुंचे।

पुलिस के सामने मालिक वापस लौटाया
उन्होंने पुलिस को बैग मिलने की सूचना दी। साथ ही बच्ची को थाने लेकर आए। सोमवार को सूचना के बाद जब बैग लेने परिवार आया तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ककरुआ निवासी यशपाल परमार ने बताया कि बेटी रंजना शादी में शामिल होने आई थी। शनिवार को वे उसे बाइक से छोड़ने उसके ससुराल उदयपुरा आ रहे थे। बेटी के पास 14 तोला सोना सहित करीब 7 लाख रुपए का सामान था। बैग ककरुआ और उदयपुरा के बीच गिर गया था।

रीना को दिए 51 हजार रुपए
यशपाल परमार ने बैग को खूब खोजने का प्रयास भी किया। सोशल मीडिया पर भी बैग लौटाने वाले को ईनाम देने की घोषणा की। जब यह बैग नहीं मिला तो इसकी जानकारी उदयपुरा थाने में भी दी गई। सोमवार को जब उन्हें आभूषण से भरा बैग मिलने की सूचना मिली तो उनकी खुशी दोगुनी हो गई। तो वही बैग मालिक ने छात्रा रीना को नए कपड़े दिलाए और 51 हजार रुपए की नकद राशि भेंट की।

दिलाया जाएगा सम्मान
ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाला 13 साल की रीना को थाना प्रभारी उदयपुरा प्रकाश शर्मा ने 11 सौ रुपए की नकद राशि देकर प्रशंसा की और कहा कि शासन स्तर पर बच्ची को सम्मान दिलाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications