मप्र: वास्तुदोष बताकर राहुल की सभा के कुछ घंटे पहले बदली गई मंच की दिशा
खरगोन। मध्यप्रदेश की दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर स्थित खरगोन जिले के नवग्रह मेला मैदान में कांग्रेस मुखिया राहुल गांधी 30 अक्टूबर को आमसभा करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए कांग्रेस नेताओं ने सभा का मंच दक्षिण के बजाए उत्तर दिशा में स्थापित कराया है। वास्तु से जुड़ा यह बदलाव इसलिए किया गया, क्योंकि यहां अच्छी खास भीड़ उमड़ने के बावजूद भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी पहले हार चुके हैं। राहुल 29 साल में पहली बार खरगोन में उत्तर दिशा की ओर मुंह कर भाषण देगें।

सुधारा गया वास्तुदोष, कराया भूमिपूजन
नवग्रह मेला मैदान में मंच की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के साथ ही कांग्रेस नेताओं ने भूमिपूजन कराया है। पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, हिंदू संस्कृति की सारी चीजें फॉलो की गईं हैं। अब पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी कई स्टाॅर प्रचारकों की मौजूदगी में आमजन को संबोधित करेंगे।

दोनों दलों के नेता यहां हार झेल चुके हैं
कांग्रेस द्वारा वास्तु को अपनाते हुए उत्तर दिशा में मंच बनाने के पीछे ये ध्यान रखा गया है कि इसके पूर्व भाजपा और कांग्रेस द्वारा दक्षिण दिशा में बनाए गए मंच से की गई सभाओं के बाद उन्हें हार का सामना करना पडा था। बताया जा रहा है कि 29 साल में पहली बार कांग्रेस के स्टाॅर प्रचारक के रूप में राहुल गांधी यहां आ रहे हैं। वह नवग्रह मेला मैदान पर उत्तर दिशा में मुंह कर भाषण देगें।

वर्ष 1989 में इसी मैदान पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री रहे स्वर्गीय राजीव गांधी की सभा हुई थी इसमें कांग्रेस के सांसद प्रत्याशी रहे स्वर्गीय सुभाष यादव बीजेपी के रामेश्वर पाटीदार से चुनाव हारे थे। जबकि वर्ष 1988 में इसी नवग्रह मेला मैदान पर बीजेपी के स्टाॅर प्रचारक रहे स्वर्गीय अटलबिहारी वाजपेयी की सभा हुई थी। इसमें खरगोन से बीजेपी के विधानसभा उम्मीदवार चंद्रशेखर नाईक कांग्रेस के परसराम डंडीर से हारे थे। वहीं वर्ष 2013 में इसी मैदान में सोनिया गांधी की सभा हुई जिसमें खरगोन से कांग्रेस प्रत्याशी रहे रवि जोशी को बीजेपी के उम्मीदवार बालकृष्ण पाटीदार से हार का सामना करना पडा था। पहली बार निमाड क्षेत्र में पहुंच रहे राहुल गांधी उत्तर दिशा में मुँह कर भाषण देगें और दक्षिण दिशा में पीठ होगी इतना ही नही मंच के पीछे दक्षिण दिशा को टेंट से ढंकने की भी कवायद की जा रही है।
ये भी पढ़ें: मानवेंद्र सिंह के बाद अब 'महारानी' हुईं बीजेपी की बागी? जान लीजिए क्या देंगी झटका












Click it and Unblock the Notifications