23 फरवरी को बागेश्वर धाम जाएंगे पीएम मोदी, पोस्ट कर दी जानकारी, दुल्हन की तरह सज रहा शहर
PM Narendra Modi: पीएम नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट करते हुए मध्य प्रदेश दौरे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा अगले दो दिन मध्य प्रदेश के विकास को समर्पित रहेंगे। इसी कड़ी में कल दोपहर 2 बजे छतरपुर में बागेश्वर धाम मेडिकल एंड साइंस रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला रखूंगा। वहीं 24 फरवरी को भोपाल में सुबह करीब 10 बजे ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का भी शुभारंभ करूंगा।
पीएम मोदी के सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2500 से ज्यादा जवानों की तैनाती की गई है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस दौरे को लेकर कहा कि हम 23 फरवरी के उस ऐतिहासिक क्षण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

धीरेंद्र शास्त्री ने तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि काफी अच्छा व्यवस्था किया गया है। 80,000 से 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। 3 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में टेंट लगाया गया है। 6-7 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बागेश्वर जनसेवा समिति द्वारा 24 घंटे भंडारा की भी योजना बनाई गई है।
बता दे कि पीएम के दौरे से पहले बागेश्वर धाम पहुंचे सीएम मोहन यादव ने भी तैयारियों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इस दौरे को लेकर सीएम ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बागेश्वर धाम आ रहे हैं और यहां कैंसर अस्पताल की नींव रख रहे हैं। यह अस्पताल केवल इलाज का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यह गरीबों की सेवा का एक मंदिर होगा। यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा जब बागेश्वर धाम में 100 बिस्तरों वाले कैंसर अस्पताल का शिलान्यास होगा।
कैसा होगा कैंसर अस्पताल?
100 बिस्तरों वाले इस कैंसर अस्पताल में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होगी। यह अस्पताल 25 एकड़ में फैला होगा और 200 करोड़ रुपये की लागत से तीन साल में बनकर तैयार होगा। गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। अन्य मरीजों को कम खर्च में इलाज मिलेगा। विदेशी डॉक्टर भी सेवाएं देंगे। कैंसर के अलावा इस अस्पताल में पैथोलॉजी, सीटी स्कैन, MRI, रेडियोथेरेपी और कीमोथेरेपी जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को बागेश्वर धाम आएंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को बागेश्वर धाम आएंगी। उस दिन महाशिवरात्री के पावन पर्व पर 251 निर्धन कन्याओं का विवाह होगा। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हर साल की तरह इस वर्ष भी सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन करवा रहे हैं। कन्या विवाह को लेकर भी तैयारियां जोरों पर है। इस भव्य आयोजन में राष्ट्रपति के अलावा कई गणमान्य लोगों को निमंत्रण दिया गया है। सबसे खास बात है कि बागेश्वर धाम की ओर से उज्जैन के महाकालेश्वर भगवान को भी निमंत्रण भेजा गया है। पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। दूधिया रोशनी से शहर जगमग दिखाई दे रहा है












Click it and Unblock the Notifications