सरपंच बनना है तो तीन लाख ले आओ, नायब तहसीलदार ने की डिमांड
शिवपुरी मे सरपंच का चुनाव जीत चुके प्रत्याशी से नायब तहसीलदार ने जीत का प्रमाण पत्र देने के लिए मांगी 3 लाख रिश्वत, लोकायुक्त ने नायब तहसीलदार को रिश्वत लेते हुए पकड़ा
शिवपुरी, 12 जुलाई। शिवपुरी में जीते हुए सरपंच प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र देने के बदले में नायब तहसीलदार ने ₹300000 की डिमांड कर दी। मजबूरी में प्रत्याशी ने नायब तहसीलदार की बात मानते हुए डेढ़ लाख रुपए में सौदा भी तय कर लिया। ₹50000 की एक किश्त भी दे दी गई। इसके बाद प्रत्याशी ने लोकायुक्त में शिकायत कर दी और नायब तहसीलदार को ₹100000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा दिया।

उमाशंकर लोधी ने लड़ा था सरपंच का चुनाव
शिवपुरी जिले के खनियाधाना तहसील की ग्राम बरसोला निवासी उमाशंकर लोधी ने सरपंच का चुनाव लड़ा था। चुनाव में उमाशंकर लोधी को 478 वोट मिले थे और वे अपने प्रतिद्वंदी से 5 वोट से सरपंची का चुनाव जीत गए थे।
नायब तहसीलदार ने डर दिखाकर मांग ली रिश्वत
उमाशंकर लोधी ने बताया कि वह चुनाव जीत चुका था लेकिन इसके बाद नायब तहसीलदार सुधाकर तिवारी ने उसे बताया कि उसके प्रतिद्वंदी उसके पीछे पड़े हैं और गड़बड़ी हो सकती है इसलिए अगर जीत का प्रमाण पत्र चाहिए तो वह ₹300000 नायब तहसीलदार को दे दे। नायब तहसीलदार ने प्रत्याशी से यह भी कहा कि सामने वाली पार्टी 1500000 रुपए देने के लिए तैयार है।
डेढ़ लाख रुपए में सौदा हो गया तय
फरियादी उमाशंकर लोधी ने बताया कि उसके पास नायब तहसीलदार को देने के लिए पैसे नहीं थे फिर भी अपनी सरपंच की कुर्सी बचाने के लिए उमाशंकर लोधी ने नायब तहसीलदार से डेढ़ लाख रुपए में सौदा तय कर लिया। उमाशंकर लोधी ने ₹50000 एडवांस के तौर पर नायब तहसीलदार को रिश्वत दे दी। इसके बाद ₹100000 की किस्त देने से पहले उमाशंकर ने ग्वालियर लोकायुक्त में संपर्क कर लिया।
ग्वालियर लोकायुक्त ने नायब तहसीलदार को पकड़ने की बनाई योजना
उमाशंकर लोधी ने जब ग्वालियर लोकायुक्त से नायब तहसीलदार सुधाकर तिवारी की शिकायत की तो ग्वालियर लोकायुक्त ने पहले रिश्वत की बातचीत रिकॉर्डर में रिकॉर्ड करवाई इसके बाद नायब तहसीलदार को पकड़ने की योजना बनाई। योजना के तहत मंगलवार को फरियादी उमाशंकर लोधी ₹100000 लेकर नायब तहसीलदार सुधाकर तिवारी को देने के लिए उसके शासकीय आवास पर पहुंच गया।
रिश्वत लेते ही लोकायुक्त ने नायब तहसीलदार को पकड़ा
उमाशंकर लोधी ने नायब तहसीलदार सुधाकर तिवारी के शासकीय आवास पर पहुंचकर उसे रिश्वत के ₹100000 जैसे ही दिए तो तुरंत लोकायुक्त की टीम ने नायब तहसीलदार को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications