Sagar: तालाब किनारे दोस्त के साथ खेल रहा था मासूम, अचानक चली गोली और निकल गई बच्चे की जान
सागर, 25 सितंबर। मप्र के सागर जिले के खुरई में अचानक गोली चलने से 10 साल के मासूम की जान चली गई। बताया गया कि शिवाजी वार्ड में दो बच्चे खेल रहे थे, इसी दौरान गोली चलने का मामला सामने आया है। सनसनीखेज घटनाक्रम में दोस्त के पिता पर गोली मारने के आरोप लगे है। घटना के बाद से संदेही पिता पुत्र फरार है। घटना खुरई के शिवाजी वार्ड स्थित बड़े तालाब के फुट्टा घाट की है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार खुरई के शिवाजी वार्ड स्थित बडे़ तालाब स्थित फुट्टाघाट पर 10 वर्षीय राघव उर्फ राघवेंद्र यादव अपने 14 साल के दोस्त यश तिवारी जो पड़ोस में ही रहता था, उसके साथ तालाब किनारे खेल रहा था। तभी गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने यहां राघव को मृत पाया। पिता व अन्य परिजन और आसपास के लोगों ने तुरंत राघव को उठाया और अस्पताल लेकर भागे, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राघव के चेहरे और हाथ में गोली के छर्रे लगे थे।

पिता का आरोप-रोशन तिवारी के हाथ में थी बंदूक
राघव के पिता रामेश्वर यादव का कहना है कि उनका बेटा पड़ोस में रहने वाले यश तिवारी के साथ खेल रहा था। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा तो देखा कि मेरा बेटा जमीन में पड़ा है। पड़ोसी रोशन तिवारी के हाथ में उसकी 312 बोर बंदूक है। रामेश्वर यादव ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी रोशन ने बेटे को गोली मारी है। तो लोगो का यह भी कहना है की खेल-खेल में गोली चली है। सूचना मिलते ही एएसपी विक्रम सिंह, एसडीओपी सुमित केरकेट्टा और शहरी थाना प्रभारी रावेंद्र सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर राघव की डेड बॉडी को अस्पताल पहुंचाया। वही पुलिस इस मामले की जांच कर रही है की बंदूक किसकी है कैसे चली, किसने चलाई।












Click it and Unblock the Notifications