इस गांव की 8 गर्भवतियों में कौन है Leela Sahu? जिसके प्रदर्शन ने मचाई खलबली, मंत्री-सांसद तक परेशान
Who Is Pregnant Leela Sahu: मध्य प्रदेश के सीधी जिले की गर्भवती यूट्यूबर लीला साहू का सड़क निर्माण की मांग वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। इस वीडियो ने न केवल जनता का ध्यान खींचा, बल्कि बीजेपी सांसद और राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री को भी जवाब देने पर मजबूर कर दिया।
जहां बीजेपी सांसद राजेश मिश्रा ने लीला को सलाह दी कि 'डिलीवरी डेट बताओ, अस्पताल में भर्ती करवा देंगे,' वहीं PWD मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर सड़क नहीं बनाई जा सकती। इस पूरे मामले ने ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ा दी है, और लीला का संघर्ष अब 'विकास की मांग' से 'जीवन की लड़ाई' बन चुका है। आइए जानते हैं कि कौन है ये लीला साहू? कबसे जारी सड़क की जंग...

लीला साहू का संघर्ष: एक साल से सड़क की मांग
सीधी जिले की रहने वाली लीला साहू ने एक साल पहले अपने गांव तक सड़क बनवाने की मांग को लेकर वीडियो बनाया था। तब प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि सड़क जल्द बन जाएगी, लेकिन समय बीतने के बाद भी कोई प्रगति नहीं हुई।
अब गर्भवती लीला ने एक बार फिर वीडियो बनाकर नेताओं और प्रशासन को उनकी मांग याद दिलाई। इस बार उनका वीडियो इतना वायरल हुआ कि सांसद और मंत्री को जवाब देना पड़ा।
सांसद का जवाब: 'अस्पताल भर्ती करवा देंगे'
लीला के वीडियो पर सवाल उठने पर बीजेपी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा का जवाब चौंकाने वाला था। उन्होंने कहा, 'चिंता की क्या बात है? हमारे पास एंबुलेंस, अस्पताल, और आशा कार्यकर्ता हैं। डिलीवरी की तारीख बताओ, एक हफ्ते पहले उठाकर अस्पताल में भर्ती करवा देंगे।'
सांसद ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण का काम इंजीनियरों और ठेकेदारों का है, उनका नहीं। साथ ही, उन्होंने सड़क न बनने की जिम्मेदारी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर डाल दी, यह भूलते हुए कि पिछली बार भी सीधी से बीजेपी की ही रीति पाठक सांसद थीं।
मंत्री का बयान: 'सोशल मीडिया पर पोस्ट से सड़क नहीं बनती'
PWD मंत्री राकेश सिंह ने भी लीला के वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'कई जगह सड़क की मांग है, लेकिन सोशल मीडिया पर कोई भी पोस्ट डाल दे तो क्या हम तुरंत सड़क बनाने पहुंच जाएं? विभाग के पास बजट और नियम हैं। हर मांग को तुरंत पूरा करना संभव नहीं।' मंत्री के इस बयान से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
लीला का जवाब: '8 गर्भवती महिलाएं, कुछ हुआ तो सरकार जिम्मेदार'
लीला साहू ने सांसद और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, 'मैंने आपको वोट दिया। डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद हमारे गांव में सड़क नहीं बनी। इस गांव में 8 गर्भवती महिलाएं हैं। अगर हमें एंबुलेंस नहीं मिली तो जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।' लीला ने यह भी बताया कि उनका प्रसव समय नजदीक है, और वह देखना चाहती हैं कि सरकार कितनी सुविधाएं दे पाती है।
गांव की स्थिति: 10 किमी सड़क का अभाव
लीला के गांव में लगभग 10 किलोमीटर तक सड़क नहीं है, जिससे ग्रामीणों को पैदल चलने में भी मुश्किल होती है। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन फंसने और दुर्घटना का खतरा रहता है। यह सड़क तीन ग्राम पंचायतों (गंजरी, सेंधवा, और खड्डी खुर्द) और दो तहसीलों (रामपुर नैकिन और मझोली) को जोड़ती है। फिर भी, सरकार की अंत्योदय योजना का लाभ यहां के ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पाया है।
कितनी पढ़ी- लिखी वायरल लीला साहू?
लीला साहू सीधी के टाटा कॉलेज में बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि उनके पति शिवेंद्र साहू के पास बैचलर ऑफ कंप्यूटर साइंस (BCA) की डिग्री है। लीला बताती हैं कि वीडियो शूटिंग और एडिटिंग का काम उनके पति करते हैं, जबकि वह केवल एक्टिंग करती हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने से उनकी लोकप्रियता बढ़ी है। लीला कहती हैं, 'पहले लोग भला-बुरा कहते थे, लेकिन अब जब हमें कामयाबी मिली तो उनके मुंह बंद हो गए।'
प्रशासन का दावा: गांव तक सड़क, टोले की बात
सीधी के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने लीला को सड़क बनाने का भरोसा दिया, लेकिन प्रशासन ने इस मुद्दे पर ज्यादा कुछ नहीं कहा। तहसीलदार नितिन झोनाड़ का कहना है कि गांव तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क बन चुकी है। लीला जिस सड़क की बात कर रही हैं, वह एक छोटा टोला है जहां कुछ ही घर हैं। तहसीलदार के मुताबिक, ऐसे टोलों में सड़क निर्माण की स्थिति पूरे जिले में एक जैसी है।
विकास की राह में बाधाएं
लीला साहू का यह संघर्ष केवल एक सड़क की मांग नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की उस सच्चाई को उजागर करता है, जहां विकास की योजनाएं कागजों तक सीमित रह जाती हैं। सोशल मीडिया के जरिए अपनी आवाज बुलंद करने वाली लीला अब सरकार और प्रशासन के लिए चुनौती बन गई हैं। सवाल यह है कि क्या उनकी मांग पूरी होगी, या यह मुद्दा भी वायरल वीडियो की तरह चर्चा तक सीमित रह जाएगा?
ये भी पढ़ें- MP News: सीधी की लीला साहू और गर्भवती महिला का वीडियो कैसे हुआ वायरल, जानिए क्या था सांसद का वादा












Click it and Unblock the Notifications