MP News: जनता बेहाल, सरकार कुंभकर्ण, विधानसभा में कांग्रेस विधायकों का अनोखा विरोध प्रदर्शन, बजाई बीन
MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दसवां दिन उस समय सुर्खियों में आ गया जब कांग्रेस विधायक दल ने सरकार पर तीखा हमला बोला और 'कुंभकर्ण' बनकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार "कुंभकर्ण की नींद" सो रही है और जनहित के मुद्दों को लेकर पूरी तरह उदासीन है।

बता दे कांग्रेस विधायक आज विधानसभा के भीतर और बाहर बीन बजाते नजर आए। कांग्रेस ने सरकार पर बेलगाम अफसरशाही, बढ़ते अपराधों और जनता की उपेक्षा का आरोप लगाया। खास बात यह रही कि कांग्रेस विधायकों ने एक विधायक को 'कुंभकर्ण' के भेष में उतारा और बीन बजाकर सरकार को जगाने की कोशिश की। इस अनूठे विरोध प्रदर्शन ने विधानसभा परिसर में हलचल मचा दी।

"उठो कुंभकर्ण, जनता परेशान है!"
'उठो कुंभकर्ण, प्रदेश बेहाल है!' 'जागो सरकार जागो!' जैसे नारों से गूंज उठा विधानसभा परिसर। कांग्रेस विधायकों का कहना था कि सरकार जनता से मुंह मोड़ चुकी है। भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी से जनता बेहाल है, लेकिन सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर जमकर तंज कसे।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया, "प्रदेश में घोटाले हो रहे हैं, अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार गहरी नींद में सोई हुई है। शिक्षकों की भर्ती नहीं हो रही और न ही युवाओं को रोजगार मिल रहा है। कांग्रेस विधायक दल ने सरकार को कुंभकर्ण की नींद से जगाने के लिए यह प्रतीकात्मक विरोध किया है।"

बीजेपी का पलटवार - 'कांग्रेस का ड्रामा'
कांग्रेस के इस अनोखे प्रदर्शन पर भाजपा भी पीछे नहीं रही। भाजपा ने कांग्रेस के विरोध को ड्रामा और दिखावा करार दिया। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा, "यह विरोध सिर्फ मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए किया गया है। हमारी सरकार प्रदेश में सबसे जागरूक और सक्रिय है। किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए हमने अभूतपूर्व कार्य किए हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है इसलिए ऐसे बचकाने नाटक कर रहे हैं। मोहन यादव की सरकार चौबीसों घंटे प्रदेश के विकास में जुटी है और जनहित सर्वोपरि है।"
सदन में गरमा-गरमी और सड़कों पर सियासत
कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन के बाद सदन के भीतर भी गर्मागर्मी देखने को मिली। कांग्रेस विधायकों ने बेरोजगारी, किसान कर्ज माफी, और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा, जबकि सत्तापक्ष ने विपक्ष पर ही सवाल दाग दिए। विधानसभा से बाहर भी कांग्रेस का विरोध जारी रहा। विधायक दल ने बीन बजाकर प्रदर्शन करते हुए जनता से अपील की कि वे सरकार की असलियत को पहचानें।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। अब देखना यह है कि कांग्रेस के इस प्रदर्शन का असर आगामी सत्र और प्रदेश की राजनीति पर कितना पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications